पर्यटन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए डीएटीसीसी की ओर से इस रविवार को प्रातः 6 बजे से शिवपुरी शहर में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। यह हेरिटेज वॉक टूरिस्ट वेलकम सेंटर से प्रारंभ होकर छत्री, बाणगंगा मंदिर होते हुए भदैया कुंड पर समाप्त हुई। जिसमें कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल, पर्यटन संवर्धन बोर्ड की सचिव एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, एसडीएम गणेश जायसवाल सहित अन्य अधिकारियों, खिलाड़ियों, स्कूल के बच्चों, पत्रकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और सभी ने पर्यटक स्थलों के बारे में जाना। शहरवासियों में हेरीटेज वॉक को लेकर खासा उत्साह दिखा। हेरिटेज वॉक के दौरान साहित्यकारों ने ऐतिहासिक पर्यटक स्थलों के बारे में बताया। इस हेरिटेज वॉक का उद्देश्य शिवपुरी के इतिहास के बारे में बताना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। अब छत्री के लिए नया मुख्य द्वार खोला जा रहा है। आज उस मुख्य द्वार से सभी ने छत्री में प्रवेश किया।
भदैया कुंड पर समाप्त हुई हेरिटेज वॉक में अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। अपने शहर को स्वच्छ रखने में सभी नागरिकों ने अपना योगदान देने का संकल्प लिया। सभी को स्वल्पाहार का वितरण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इलेक्ट्रिक बंधन रागिनी फाउंडेशन से जुड़ी श्रीमती वंदना शिवहरे ने इलेक्ट्रिक वाहन का प्रदर्शन किया और पर्यावरण संरक्षण में इनके योगदान के बारे में बताया।
0 टिप्पणियाँ