शिवपुरी / राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर तहसील करैरा एवं पिछोर में कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में ‘‘पहले वोट जैसा कुछ नही वोट जरुर डालेंगे’’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता कराई गई।
अनुविभागीय अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दिनेश चंद्र शुक्ला के निर्देशन में अनुविभाग करेरा के सभी मतदान केंद्रों पर स्थानीय बीएलओ, शिक्षको,कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इसी क्रम में तहसील करैरा में भी समस्त तहसील के अधिकारी कर्मचारियो को एसडीएम दिनेशचंद्र शुक्ला ने मतदाता दिवस पर शपथ दिलवाई। मतदाता दिवस के महत्व को भी बताया। इस अवसर पर तहसीलदार अजय परसेडिया, नायब तहसीलदार दिनेश चौरसिया, राजस्व निरीक्षक विनोद सोनी, निर्वाचन शाखा से आनंद जैन, योगेश कुशवाह सहित स्थानीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
18 वर्ष के हर मतदाता को वोट डालना चाहिये- अखलेश शर्मा
इसी प्रकार आज छत्रसाल कॉलेज पिछोर में भी 13वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस मौके पर ‘‘पहले वोट जैसा कुछ नही वोट जरुर डालेंगे’’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में सैकडों छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रथम स्थान आकाश लोधी का द्वितीय स्थान अंकित लोधी व तीसरे स्थान पर दीपेन्द्र रहे। इस अवसर पर प्रभारी एसडीएम अखलेश शर्मा ने तीनो प्रतिभागियो को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने उद्वोधन में कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है किसी भी लोकतांत्रिक देश में सरकार बनाने में मतदाता की अहम भूमिका होती है। मतदाता अपने कीमती वोट से किसी भी पार्टी को 5 साल के लिए सत्ता में ला सकती हैं। उन्होने कहा 18 वर्ष के हर मतदाता स्त्री पुरुष किसी भी लिंग का हो वोट जरुर डालना चाहिये। भारत में वोट डलने का प्रतिशत कम हो रहा था लोगों को जागरुक करने के लिए 25 जनवरी 2011 से वोटर डे यानी राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर सीएमओ राघवेंद्र पालिया, सहायक प्राध्यापक अरविंद यादव, के.के.यादव, नरसिंह भिडे विधानसभा क्षेत्र 26 पिछोर सहायक स्विप प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, हरिदास त्रिपाठी छात्र-छात्रा एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ