Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : कुल्हाड़ी मांगने पर खूनी संघर्ष: सिरसौद पुलिस ने हत्या के प्रयास के 5 आरोपियों को दबोचा, भेजा जेल


शिवपुरी । पड़ोसी से अपनी ही कुल्हाड़ी वापस मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। कुल्हाड़ी मांगने की बात पर आधा दर्जन लोगों ने एक राय होकर लाठी, डंडों और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरसौद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राजा की मुढेरी निवासी फरियादी सत्यनारायण शर्मा (42) पुत्र स्व. भगवानलाल शर्मा ने 4 जून 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जून की शाम करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच उनका बेटा श्याम शर्मा और पत्नी ममता शर्मा पड़ोसी मनोज कुशवाह की दुकान के पीछे अपनी कुल्हाड़ी वापस मांगने गए थे।

इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी मनोज कुशवाह, स्वदेश कुशवाह, सीताराम कुशवाह, दिलीप कुशवाह, प्रमोद कुशवाह और विनोद कुशवाह ने लाठी, डंडे और तलवार से लैस होकर जान से मारने की नीयत से पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। फरियादी की शिकायत पर सिरसौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 162/26 पर बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ओवरब्रिज के नीचे से दबोचे गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में सिरसौद थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

19 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी ग्राम सिंहनिवास ओवरब्रिज के नीचे किसी वाहन के इंतजार में खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से 5 आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

 1. सीताराम कुशवाह (निवासी- राजा की मुढेरी)

 2.  मनोज कुशवाह (निवासी- राजा की मुढेरी)

 3.  दिलीप कुशवाह  (निवासी- राजा की मुढेरी)

 4.  स्वदेश कुशवाह  (निवासी- गूगरीपुरा)

 5. विनोद उर्फ देवेंद्र कुशवाह  (निवासी- गूगरीपुरा)

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार (आलाजर्रब) भी जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को शिवपुरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें सर्किल जेल शिवपुरी भेज दिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ