Shivpuri News : रेशमा बानो का आरोप– मीडिया ग्रुप में मनगढ़ंत खबरें चलाकर बनाते हैं दबाव, पैसों की जबरन वसूली
टीकमगढ़। शहर में पत्रकारिता की आड़ लेकर दबंगई और ब्लैकमेलिंग का नया मामला सामने आया है। पुराना बस स्टैंड स्थित कुमैदान मोहल्ला निवासी महिला रेशमा बानो ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि सत्तार खांन उर्फ बाबा नाम का व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर उसके पति से लगातार पैसे ऐंठ रहा है। महिला का कहना है कि आरोपी अपने आपको चौथे स्तंभ का प्रतिनिधि बताकर न केवल झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है बल्कि पैसे न देने पर बदनाम करने की साजिश भी करता है।
ऑपरेशन के बाद बेरोजगार पति को बना रखा था निशाना
शिकायतकर्ता रेशमा बानो ने बताया कि उसके पति वाहिद अली उर्फ मूसा पहले कामकाज करते थे, लेकिन कुछ समय पहले उनकी दोनों टांगों का ऑपरेशन हुआ है और अब उनमें रॉड डाली जा चुकी है। ऐसे में वह पूरी तरह बेरोजगार हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं। इसके बावजूद सत्तार खांन उनके पति को बार-बार धमकाकर पैसों की मांग करता रहा। कभी नगद तो कभी फोन पे के जरिए रकम ऐंठी जाती रही।
महिला ने यह भी कहा कि जब पैसे देने से इंकार किया गया तो आरोपी ने पत्रकार ग्रुपों में उनके पति को बदनाम करने के लिए मनगढ़ंत बातें पोस्ट करना शुरू कर दिया, जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है।
पत्रकार नहीं, ब्लैकमेलर है – महिला
रेशमा बानो का कहना है कि आरोपी किसी भी रूप में पत्रकारिता के योग्य नहीं है। वह झूठे दस्तावेज़ों के सहारे खुद को पत्रकार बताता है और लोगों से अवैध वसूली करता है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी पहले से रहा है। महिला का आरोप है कि ऐसे लोग पत्रकारिता जैसे पवित्र पेशे को कलंकित कर रहे हैं और चौथे स्तंभ की साख को बदनाम कर रहे हैं।
जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
महिला ने एसपी से आरोपी सत्तार खांन बाबा के कथित पत्रकारिता संबंधी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि आरोपी या उसके साथियों की वजह से उसके परिवार को कोई नुकसान होता है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
रेशमा बानो ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस तरह के फर्जी पत्रकारों पर लगाम कसने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि समाज में पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे और आम लोग भयमुक्त होकर जीवन जी सकें।

0 टिप्पणियाँ