शिवपुरी जिले की खोड़ चौकी क्षेत्र के छतपुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों बुधवार देर शाम घर से लापता हो गए थे। गुरुवार सुबह गांव के बाहर महुआ के पेड़ पर उनके शव फांसी के फंदे पर लटके मिले।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पेड़ से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए पिछोर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, छतपुर गांव का रहने वाला 20 वर्षीय कुलदीप परिहार गांव की ही 18 वर्षीय युवती से प्रेम करता था। दोनों का प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था। युवती ने तो अपने हाथ पर प्रेमी का नाम तक गुदवा रखा था। गांव में इन दोनों के रिश्ते की चर्चा आम थी।
बुधवार शाम युवती अचानक घर से लापता हो गई। जब उसकी मां तलाशते हुए कुलदीप के घर पहुंची तो पता चला कि कुलदीप भी गायब है। देर रात तक दोनों परिवार तलाश करते रहे और गुरुवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटके मिले।
परिजनों के मुताबिक, युवती के पिता इस संबंध के खिलाफ थे। इधर, खोड़ चौकी प्रभारी कुसुम गोयल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

0 टिप्पणियाँ