संकल्प यात्रा के साथ शिवपुरी पहुंचे दामोदर यादव ने गुरुवार सुबह
11 बजे प्रेस वार्ता में सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब धर्म और मंदिर की राजनीति का असर कम होने लगा तो अब जाति और वर्ग के बीच विवाद की स्थिति बनाने की कोशिश की जा रही है।
यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लेते हुए कहा कि गुना विधायक पन्ना लाल शाक्य को तवज्जो नहीं दी जा रही, जबकि सिंधिया के करीबी महेंद्र सिंह सिसोदिया को प्रशासनिक बैठकों में प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि सिसोदिया की बैठकों में कलेक्टर और एसपी मौजूद रहते हैं, जबकि जनता द्वारा चुने गए विधायक को सम्मान नहीं दिया जा रहा।
यादव ने पन्ना लाल शाक्य को आजाद समाज पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
यादव ने बताया कि सम्मान और अधिकार की मांग को लेकर 11 मार्च को डबरा से करीब एक लाख लोग पैदल ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। उनका कहना है कि ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। यदि प्रशासन ने रोका तो भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
अपने चुनावी पराजयों पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा कि जो लोग व्यवस्था की गलत परंपराओं का विरोध करते हैं, वे अक्सर चुनाव हारते हैं। उन्होंने कथावाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पाखंड की दुकान चला रहे हैं, जिसे बंद कराया जाएगा। बागेश्वर धाम में आयोजित विवाह सम्मेलन का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि दिखावे के कार्यों से समाज का भला नहीं होता।
पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक और बाबा पैदा हो गया है, जिसकी दुकान भी बंद कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह धरती बाबा साहब की विचारधारा की है और इसे आडंबर व पाखंड की धरती नहीं बनने दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान आजाद समाज पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ