ई-टोकन स्लॉट बुक होने के बाद भी किसानों को नहीं मिल रही खाद, जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
शिवपुरी। भारतीय किसान संघ जिला शिवपुरी ने जिलेभर में लगातार बनी उर्वरक (खाद) संकट की समस्या को लेकर आज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि शिवपुरी शहर सहित सभी तहसीलों और नगरों में किसान ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से स्लॉट बुक करने के बाद भी खाद से वंचित हो रहे हैं।संघ ने आरोप लगाया कि किसान जब खाद लेने केंद्रों पर पहुंचते हैं तो उन्हें “खाद उपलब्ध नहीं है” कहकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे किसानों को बार-बार परेशान होना पड़ रहा है और घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि यदि खाद उपलब्ध नहीं है तो संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी पहले से स्पष्ट सूचना जारी करें, ताकि किसानों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। संगठन ने कहा कि जो किसान देश की थाली सजाता है, उसे इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। व्यवस्था पारदर्शी, जिम्मेदार और किसान हितैषी होनी चाहिए।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था सुधारने के ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान संघ किसानों के साथ उग्र प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ