Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : शिवपुरी: तलैया मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

 शिवपुरी: तलैया मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

शिवपुरी।शहर के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तलैया मोहल्ले में गुरुवार की शाम पुरानी दुश्मनी को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए और जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनके सिर, पीठ और हाथ-पैरों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस (मामला) दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पहला पक्ष: घर के बाहर बैठे भाइयों पर लाठी-डंडों से बोला धावा

पुलिस को दी शिकायत में पहले पक्ष के राजू खान ने बताया कि वह गुरुवार शाम अपने भाई चंदू खान और भूरा खान के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे सोहेल खान, अरबाज खान और जाकिर खान वहां आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। जब राजू और उनके भाइयों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में राजू के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं बीच-बचाव करने आए उनके दोनों भाई भी लहूलुहान हो गए।

 दूसरा पक्ष: बुआ के घर आए युवक को घेरा, बचाने आए लोगों को भी पीटा

वहीं दूसरी ओर, पलटवार करते हुए दूसरे पक्ष के नासिर खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। नासिर का कहना है कि वह तलैया मोहल्ले में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। तभी अचानक सिकंदर खान, हसन खान और अनस खान ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए डंडों से पीटना शुरू कर दिया। नासिर का आरोप है कि जब वह खुद को बचाने के लिए भागा, तो राजू खान, चांद और मुबारक खान ने भी उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैकि

पुलिस की कार्रवाई: घायलों का मेडिकल, जांच शुरू

घटना के बाद तलैया मोहल्ले में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। देहात थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों ही गुटों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मामले की बारीक जांच की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ