मंदसौर। जिले की नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो-एन वाहन से 402 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 18 मई को उपनिरीक्षक के.एल. प्रजापति व पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर भांगी पिपलिया से चौथखेड़ी रोड पर घेराबंदी कर महिन्द्रा स्कॉर्पियो-एन क्रमांक आरजे 14 यूएन 7855 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे 20 प्लास्टिक कट्टों से कुल 402 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी लालसिंह पिता कमलसिंह बौराना (34) निवासी दोरवाड़ी थाना नारायणगढ़ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नारायणगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 130/26 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में सुरेन्द्र बाछड़ा निवासी ग्राम डोडिया मीणा थाना वायडी नगर को फरार आरोपी बताया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 402 किलो डोडाचूरा, करीब 25 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो-एन कार तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ