Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 हेतु 25 जुलाई तक किए जाएंगे पंजीयन





शिवपुरी, पर्यटन विभाग ने स्कूली बच्चों के लिए पर्यटन के जरिए ज्ञानवर्धन एवं सांस्कृतिक जागरूकता के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज 2026 का आयोजन किया है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय एवं सीबीएसई स्कूलों के छात्र एवं छात्राएं भाग लेने हेतु 25 जुलाई 2026 तक अपना पंजीयन करा सकेंगे।

यह प्रतियोगिता कलेक्टर एवं जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद श्री अर्पित वर्मा के तहत 07 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। पंजीयन की प्रक्रिया विद्यालय स्तर पर ऑनलाइन की जाएगी। क्विज प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी श्री सौरभ गौड ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यह प्रतियोगिता दोनों चरणों में प्रश्न मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, कला-संस्कृति, आध्यात्म प्राकृतिक सौंदर्य एवं ऐतिहासिक धरोहर पर आधारित होंगे। मध्यप्रदेश में अनगिनत पर्यटन स्थल हैं, जिनमे ऐतिहासिक स्मारक, मंदिर, राष्ट्रीय उ‌द्यान और प्राकृतिक सुंदरता वाले स्थान शामिल हैं। कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों में खजुराहो के मंदिर, कान्हा राष्ट्रीय उ‌द्यान, सांची स्तूप, भीमबेटका की गुफाएं, और पचमढ़ी शामिल हैं। इसके अलावा ग्वालियर, ओरछा, मांडू, और भोपाल जैसे शहर भी अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं।


प्रदेश में समृद्धशाली इतिहास, परम्पराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरुषों, पर्यटन महत्व की संभावनाओं आदि से विद्यार्थियों को अवगत कराने और पर्यटन के माध्यम से जागरूक करने के उद्देश्य से पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। वर्ष 2016 से इस प्रतियोगिता का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश के समस्त जिलों में एक साथ व एक ही तिथि को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जिला प्रशासन, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद एवं स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जाता है।


जिला स्तर पर प्रथम चरण में चयनित शीर्ष 06 टीमों के बीच मल्टीमीडिया क्विज प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में भाग लेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले की विजेता एवं उपविजेता टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में ठहरने के लिए कूपन प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों के यात्रा, भोजन, ठहराव एवं भ्रमण से संबंधित समस्त खर्च मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड वहन करेगा।


मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी पर्यटन क्विज प्रतियोगिता प्रदेश स्तर पर किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। प्रथम चरण 07 अगस्त 2025 को जिला स्तर पर होगा, वहीं दूसरा चरण राज्य स्तर पर होगा। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।


प्रतियोगिता हेतु जिला स्तर पर ऑनलाइन मप्र टूरिज्म बोर्ड की वेबसाईट https://www.mptourism.com /tourismquiz2026/schools पर 25 जुलाई सायं 5.30 बजे तक पंजीयन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए श्री सौरभ गौड़ (7000653045) एवं श्री आर.पी. सिंह कुशवाह (9301541706) डीएटीसीसी कार्यालय कलेक्ट्रेट शिवपुरी से संपर्क किया जा सकता है।

समाचार क्रमांक 54/2026       ---00---

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ