शिवपुरी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत सोमवार को यातायात पुलिस और जिले के सभी थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 90 वाहनों के चालान बनाए गए और कुल 45 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 1 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रदेशभर में विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त को शिवपुरी जिले में शहर और विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से हूटर (टूटर) का उपयोग, वीआईपी सरकारी स्टिकर लगाना, ब्लैक फिल्म का प्रयोग और बिना एचएसआरपी अथवा अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वालों पर कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान निजी वाहनों पर अनधिकृत हूटर लगाने वाले 21 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर 10,500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं वीआईपी सरकारी स्टिकर का अनधिकृत उपयोग करने वाले 3 वाहनों से 1,500 रुपए का समन शुल्क लिया गया। ब्लैक फिल्म या अमानक टिंटेड फिल्म लगी होने पर 12 वाहनों के चालान काटकर 6 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा बिना एचएसआरपी, गलत या अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले 54 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान 10 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत हूटर, फ्लैश लाइट, वीआईपी स्टिकर या ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें तथा निर्धारित मानकों के अनुसार एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाकर ही वाहन चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ