सर्किट हाउस में दोपहर 12:30 बजे से जनसुनवाई: प्रताड़ित महिलाओं के मामलों में सीधे हस्तक्षेप करेगा आयोग
अधिकारियों को मौके पर रहना होगा मौजूद: शिकायतों पर ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर कस सकता है शिकंजा
शिवपुरी।
यदि आप या आपके आसपास कोई महिला घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना या किसी भी प्रकार के यौन शोषण से पीड़ित है और सुनवाई नहीं हो रही है, तो आज सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने अपनी बात रखने का मौका है। सोमवार को शिवपुरी के सर्किट हाउस में राष्ट्रीय महिला आयोग की बेंच लग रही है, जहाँ आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर खुद मौजूद रहकर पीड़ित महिलाओं की फरियाद सुनेंगी।
किन मामलों की होगी सुनवाई?
दोपहर 12:30 बजे से शुरू होने वाली इस जनसुनवाई में दहेज प्रताड़ना, दुष्कर्म, कार्यस्थल पर प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से संबंधित गंभीर मामलों की सीधी सुनवाई होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि प्राप्त आवेदनों पर तत्काल और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मौके पर ही तैयार रहेगा अमला
जनसुनवाई के दौरान केवल शिकायतें ली ही नहीं जाएंगी, बल्कि पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और कानूनी विशेषज्ञों की मौजूदगी में उन पर ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई की रूपरेखा भी तय होगी। जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर के अपने आवेदन और संबंधित दस्तावेजों के साथ सर्किट हाउस पहुंचे।

0 टिप्पणियाँ