Music

BRACKING

Loading...

शिवपुरी: पोहरी बस स्टैंड पर दो पुलिसकर्मियों में विवाद, आरक्षक ने प्रधान आरक्षक के सिर पर मारा सरिया; FIR दर्ज

  • शिवपुरी: होटल में खाना पैक कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों में विवाद, आरक्षक ने प्रधान आरक्षक के सिर पर मारा सरिया, केस दर्ज


शिवपुरी। शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पोहरी बस स्टैंड पर एक होटल में दो पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद गंभीर विवाद हो गया। विवाद के दौरान इंदार थाने में पदस्थ आरक्षक रवि नरवरिया ने कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रुद्रप्रताप सिंह कौरव के सिर पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाना पैक कराने को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 सितंबर की रात लगभग 10 बजे की है। कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रुद्रप्रताप सिंह कौरव पोहरी बस स्टैंड स्थित लक्ष्मण कुशवाहा के होटल पर खाना पैक कराने पहुंचे थे। उसी समय वहां इंदार थाने में पदस्थ आरक्षक रवि नरवरिया भी मौजूद था।

बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत के दौरान घर पर खाना नहीं बनने की बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरक्षक रवि नरवरिया ने होटल में रखा लोहे का सरिया उठाया और प्रधान आरक्षक के सिर पर वार कर दिया। हमले में सिर से खून निकलने लगा और आरोपी आरक्षक मौके से फरार हो गया।

सिर में लगे 6 से 7 टांके, मामला दर्ज

घायल प्रधान आरक्षक रुद्रप्रताप सिंह को इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में करीब 6 से 7 टांके लगाए। इलाज कराने के बाद गुरुवार को प्रधान आरक्षक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी आरक्षक रवि नरवरिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

8 दिन पहले ही इंदार थाने में हुआ था तबादला

जानकारी के अनुसार, आरक्षक रवि नरवरिया का हाल ही में मायापुर थाने से इंदार थाने के लिए स्थानांतरण हुआ था। उसने 25 सितंबर को इंदार थाने में आमद दर्ज कराई थी। इसके बाद वह पंचायत उपचुनाव की ड्यूटी में चला गया था। ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसने अभी तक इंदार थाने में वापस अपनी आमद दर्ज नहीं कराई थी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ