शिवपुरी / बदरवास शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 स्थित मांगरोल ब्रिज के पास एक ट्रक चालक के साथ कट्टा अड़ाकर लूट की कथित वारदात का मामला सामने आया है। पीड़ित ट्रक चालक का आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की सफेद डस्टर कार में आए चार अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
झांसी से सीहोर जा रहा था चने के बीज से भरा ट्रक
कानपुर निवासी ट्रक चालक अंकित चौहान ने बताया कि वह अपने हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार के साथ झांसी से ट्रक में चने का बीज भरकर सीहोर की ओर जा रहा था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे जैसे ही उनका ट्रक NH-46 पर मांगरोल ब्रिज के पास पहुंचा, तभी एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली डस्टर कार ने ओवरटेक कर ट्रक के आगे अपना वाहन अड़ा दिया।
कट्टा अड़ाकर वारदात, 170 लीटर डीजल और चने की बोरियां ले गए बदमाश
चालक अंकित के अनुसार, कार से चार लोग उतरे और एक बदमाश ट्रक में चढ़कर उसकी छाती पर कट्टा अड़ाकर उसे नीचे उतार लिया। वहीं दूसरे आरोपी ने हेल्पर को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने:
- चालक की जेब से करीब ₹6,500 की नकदी छीन ली।
- ट्रक की टंकी से लगभग 170 लीटर डीजल निकाल लिया।
- ट्रक में रखी चने के बीज की 15 से 20 बोरियां निकालकर अपनी कार में लोड कर लीं।
इसी बीच पीछे से एक अन्य ट्रक को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित चालक ने बदरवास थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध
मामले में बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं से जुड़े मामले सामने आए थे, जिनकी गहन जांच करने पर अलग ही तथ्य सामने आए थे।
फिलहाल बदरवास थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज करने का निर्णय लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ