Music

BRACKING

Loading...

400 कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी में सामने आई गड़बड़ी


अधूरी जानकारी अपलोड करने से हुई गड़बड़ी


नवभारत न्यूज भोपाल, आगामी विधानसभा चुनावों में कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगाने में हुई गड़बड़ी के पीछे शहर में स्थित 18 ऐसे कार्यालय जिम्मेदार पाए गए हैं. जिनके द्वारा कर्मचारियों का अधूरा डाटा निर्वाचन आयोग को भेजा गया था.

बीते दिनों चुनावों के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पीठासीन अधिकारी बनाने के मामले के बाद हुई जांच में जिले के 400 कर्मचारियों की ड्यूटी में गड़बड़ी पाई गई है. इन कर्मचारियों में वह कर्मचारी शामिल हैं जिनकी ड्यूटी उनके पद के अनुसार नहीं लगाई गई. साथ ही वह कर्मचारी भी जिनकी पोस्टिंग एक से ज्यादा जगह कर दी गई है.

जिला निर्वाचन अधिकारी सुदाम खाडे के आदेशों के बाद की गई जांच में सामने आया कि 18 कार्यालय ऐसे हैं, जिनके द्वारा कर्मचारियों की अधूरी जानकारी एनआईसी पोर्टल पर अपलोड की गई थी, कई कर्मचारियों का पदनाम पोर्टल पर नहीं था, जिसके चलते कई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पीठासीन अधिकारी बना दिया गया था.

यहां बता दें कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय मप्र द्वारा इस बार सॉफ्टवेयर के माध्यम से रेंडमली ड्यूटी लगाई गई थी. चतुर्थ श्रेणी के कई वरिष्ठ कर्मचारी ऐसे हैं जिनका वेतनमान तृतीय श्रेणी कर्मचारी के बराबर है.

विभागों में पदस्थ नोडल अधिकारियों ने एनआईसी पोर्टल पर जल्दबाजी में कई कर्मचारियों का पद न लिखते हुए सिर्फ वेतनमान लिख दिया था, जिसके चलते रेंडमली ड्यूटी लगाने में गड़बड़ी हुई. बीते दिनों कलेक्टर ने ऐसे सभी कार्यालयों को उन नोडल अधिकारियों पर कार्रवाई करने के लिए पत्र भी लिखा है, जिनके द्वारा अधूरी जानकारी भेजी गई थी.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ