शिवपुरी शहर के शांति नगर क्षेत्र में एक महिला ने अपने 8 माह के पालतू लेब्राडोर कुत्ते की बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए फिजिकल थाना में शिकायत की है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले आरओ प्लांट संचालक, उसके बेटे और ड्राइवर ने लाठियों से पीट-पीटकर कुत्ते की हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूर फेंक दिया। महिला ने कुत्ते का शव लेकर थाने पहुंचकर विरोध जताया और अब एसपी से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शांति नगर कॉलोनी निवासी प्रीति परिहार ने बताया कि गुरुवार शाम उनका 8 माह का पालतू लेब्राडोर खाना खाने के बाद घर से बाहर निकल गया था। इसी दौरान वह झींगुरा स्थित दिव्यांश आरओ प्लांट संचालक मूलचंद खटीक के घर की ओर पहुंच गया। आरोप है कि वहां मूलचंद खटीक, उसके पुत्र गोलू और उनके ड्राइवर ने लाठियों से बेरहमी से पीटकर कुत्ते की हत्या कर दी। इसके बाद तीनों शव को दूर फेंक आए।
प्रीति ने बताया कि कुत्ता देर रात तक घर नहीं लौटा तो पूरा परिवार उसकी तलाश करता रहा। इसी दौरान उन्हें लोगों से जानकारी मिली कि उनके पालतू कुत्ते की हत्या कर दी गई है। जब वह आरोपियों के घर इस संबंध में पूछने पहुंची तो उन्होंने गाली-गलौज की, धमकाया और मारपीट करने की कोशिश की।
महिला का कहना है कि शुक्रवार सुबह उनके पालतू लेब्राडोर का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद वह शव लेकर थाने पहुंचीं और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर शव रखकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने फिजिकल पुलिस से शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रीति परिहार ने आरोप लगाया है कि मूलचंद खटीक, उसके पुत्र गोलू और अन्य लोगों ने न केवल उनके पालतू कुत्ते की हत्या की, बल्कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झींगुरा स्थित दिव्यांश आरओ प्लांट में रात के समय संदिग्ध एवं अनैतिक गतिविधियां संचालित होती हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
महिला ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए।
इधर फिजिकल थाना पुलिस ने कुत्ते के शव का पोस्टमार्टम कराया है और एफआईआर दर्ज करने की बात कही जा रही है।

0 टिप्पणियाँ