भोपाल। आम आदमी पार्टी प्रदेश के कृषिमंत्री गौरी शंकर बिसेन के खिलाफ चुनाव आयोग में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराएगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बुधवार को भोपाल में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री बिसेन का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे प्रेस वार्ता के दौरान यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि स्मृति ईरानी मेरी बहन हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि बिसेन ने सूरत में 30 लाख रुपए में 10 हजार साड़ी बनवाने का ऑर्डर दिया है, जिसे वे अपने क्षेत्र में बांटेंगे।
यही नहीं वीडियो में बिसेन 100 करोड़ रुपए में प्रधानमंत्री मोदी से केंद्रीय कृषि या वन राज्य मंत्री के पद का ठेका लेने का दावा करते भी सुनाई-दिखाई दे रहे हैं। आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी आज ही इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी
और साथ में संबंधित वीडियो की सीडी भी चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अपने धन के सहारे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। बिसेन ने जो दावा किया है और साड़ी बांटने का जो आश्वासन दिया है, वह आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बिसेन के चुनाव लडऩे पर प्रतिबंध लगाए।
0 टिप्पणियाँ