- |
शिवपुरी | 26-दिसम्बर-2019 |
जिले में 8 जनवरी से आर्मी भर्ती रैली का आयोजन किया जाना है। जिसमें प्रतिदिन लगभग 3 से 4 हजार तक युवाओं के होने की संभावना है। भर्ती की सभी व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को फिजिकल कॉलेज में बैठक आयोजित की गई। जिसमें आर्मी भर्ती निदेशक श्री कर्नल नेगी, श्री गौतम और अन्य आर्मी अधिकारियों की टीम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों को जो ड्यूटी दी गई है, उसे समय सीमा में पूरा करें। जिले में भर्ती सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके। इसके लिए भर्ती स्थल एवं उम्मीदवार के ठहरने वाले स्थान पर सभी व्यवस्था की जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया जाए। उम्मीदवारों की संख्या को देखते हुए रुकने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। भर्ती स्थल पर बैरिकेट्स लगाए जाएंगे जिसमें आने जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। आर्मी के अधिकारियों ने भी भर्ती स्थल का जायजा लिया और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों एवं युवाओं को भर्ती के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण की भी सराहना की। उन्होंने कहा है कि व्यवस्था में लगे कर्मचारियों के भी पहचान पत्र दिए जाएंगे ताकि उन्हें कोई अव्यवस्था न हो। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री आर एस बालौदिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेंद्र सिंह कवंर, एसडीएम श्री अतेंद्र सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। |
0 टिप्पणियाँ