स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि राजस्थान की ओर ऊपरी हवाओं में बने चक्रवात के चलते प्रदेश के चंबल, शहडोल और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या गरज चमक की स्थिति के साथ बौछारें पड़ सकती है। राज्य के शहडोल संभाग के जिलों में कहीं कहीं गरज चमक के साथ बिजली चमकने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि चक्रवात के प्रभाव के कारण आज जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर बादल छाए रहे है। उन्होंने बताया कि इस चक्रवात के असर के कारण राजधानी भोपाल में बूंदाबांदी हो सकती है। इस सिस्टम के चलते मौसम का मिजाज एक दो दिन तक ऐसा ही बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नही हुआ है। रीवा संभाग के जिलों में सामान्य से कम, भोपाल, उज्जैन एवं चंबल संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रीवा में दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में आज धूप खिलने से दिन में लोगों को ठंडी से राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 27़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम 13़ 2 डिग्री अंकित हुआ।
साहा ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में मामूली रुप से उतार-चढाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी के बाद तापमानों में गिरावट आने की संभावना है।
0 टिप्पणियाँ