Music

BRACKING

Loading...

सांप के काटने हुई युवक की मौत, अब परिवार पर आई अजीब सी मुसीबत. पढ़ें ये खास खबर

श्योपुर/सोंईकलां. इसे डॉक्टर की लापरवाही कहे या फिर समय का फेर। कारण चाहे कुछ भी हो, लेकिन पति की मौत के गम में डूबी विधवा पत्नी को आर्थिक सहायता भी नसीब नहीं हो पा रही है। दरअसल महिला के पति की चार माह पहले सांप के डसने से मृत्यु हो गई थी।
सर्पदंश से मृत्यु पर चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता शासन की ओर से मिलने का प्रावधान है। इसके बाद भी विधवा महिला और उसके परिवार के लोग आर्थिक सहायता पाने के लिए भटक रहे हैं। परिजनों की माने तो इस सहायता को मिलने पर डॉक्टर की रिपोर्ट ने रोड़ा अटका दिया। मामला श्योपुर विकासखंड के सोंईकलां कस्बे का है।
उल्लेखनीय है कि सोंईकलां निवासी मुरारी 43 वर्ष पुत्र हजारीलाल सुमन को गत 9 सितंबर की सुबह घर पर सांप ने तब डस लिया, जब वह पानी की टंकी पर हाथ धो रहा था। सांप के डसने से अचैत हुए मुरारी को बचाने के लिए उसके परिवार के लोगों ने खूब जतन किए। लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मुरारी को देखकर मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
घर का मुखिया था मुरारी
भले ही मुरारी की मौत को चार माह बीतने को है। मगर उसकी मौत से उसकी पत्नी सहित पूरा परिवार अभी तक भी सदमे में है।क्योंकि मुरारी घर का मुखिया था और वह मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पाल रहा था। यहां बता दें कि मृतक मुरारी के परिवार में विधवा पत्नी दो बेटे और एक बेटी है। जबकि एक वृद्ध मां भी है।
इसलिए अटका रोड़ा
सर्पदंश से मृत्यु पर चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलने का प्रावधान है। इसके लिए पीएम रिपोर्ट जरुरी है। लेकिन मुरारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से यह नहीं लिखा है कि उसकी मौत सांप के जहर से हुई है। जिस कारण पुलिस को बिसरा जांच के लिए भेजना पड़ा। मगर सागर से आई बिसरा जांच रिपोर्ट से पुलिस और मृतक के परिवार के लोग हैरानी में पड़ गए। क्योंकि बिसरा जांच में यह लिखा है कि सर्प के काटने के स्थान की त्वचा सुरक्षित कर नहीं भेजी गई। जिस कारण सर्प विष का परीक्षण नहीं किया जा सका।
पापा की मौत सर्पदंश से हुई है। जिस सांप ने डसा था, उस सांप को भी पकड़वा दिया था। लेकिन डॉक्टर की रिपोर्ट में यह नहीं लिखा है कि मृत्यु सांप के जहर से हुई है। जिस कारण सहायता नहीं मिल पा रही है।
सोनू सुमन, मृतक का पुत्र
पुलिस की जांच में मुरारी की मौत सांप के काटने से होने की बात सामने आई है।
गौरव शर्मा, थाना प्रभारी देहात, श्योपुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ