इंदौर पुलिस ने शातिर महिला ज्वेलथीफ भूरी बाई को बेटे रोशन व चालक नीलेश सहित गिरफ्तार किया है। महिला जुलूस व धार्मिक सभाओं से महिलाओं की चेन, मंगलसूत्र व हार चुराती थी। अन्नपूर्णा और चंदन नगर थाना पुलिस उससे 30 तोला सोना बरामद कर चुकी है। अफसर चोरी का सोना खरीदने वाले सुनारों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित भीमनगर में रहती है। पुलिस को कुछ दिनों पूर्व उसके सीसीटीवी फुटेज मिले थे। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने बताया कि वह धार्मिक यात्राओं, सभाओं, जुलूसों में शामिल हो जाती थी। जैसे आयोजन होते थे, वैसे ही वस्त्र पहनती थी।
शक न हो इसके लिए महंगी साड़ी, नकली हार और मेकअप करवा लेती थी। मौका देख कर महिलाओं के आभूषण गायब कर देती थी। महिला ने यह भी बताया कि वह नीलेश की बोलेरो गाड़ी से जाती थी। जेवर चुराते ही बेटे रोशन व नीलेश के साथ भाग जाती थी
चोरी के गहने खरीदने वाले ज्वेलर का नाम भी कुबूला : भूरी ने बड़ा गणपति क्षेत्र के एक ज्वेलर का नाम भी कुबूला है। वह सस्ते दामों पर चोरी का सोना खरीदता था। सूत्रों के मुताबिक, भूरी ने इंदौर सहित आसपास के कई शहरों में इसी प्रकार ज्वेलरी चुराना और सूने घरों में चोरी करना कुबूला है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस अब इस तरह की वारदातों पर लगाम लगाने की तैयारी कर रही है, शहर में इस तरह की और भी महिलाएं शहर में सक्रिय है जो भीड़ भरे इलाकों में गहने चुराने की वारदातों को अंजाम देती हैं।
0 टिप्पणियाँ