भोपाल। 18 दिसंबर शुक्रवार को मध्य प्रदेश को युवा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। 10, 11 और 12 दिसंबर को हुए संगठन चुनाव के परिणाम 18 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव में 1,11,821 मतदाताओं ने ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया था।
संगठन पदाधिकारी मकसूद मिर्जा ने बताया कि मतदाता का फोटो मिलान करने में समय लगता है। इसमें दो-तीन दिन का समय लिया जाता है ताकि सभी चीजें स्पष्ट हों। 18 दिसंबर को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसकी तैयारियां हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में हैं।
मुकाबला विक्रांत भूरिया, संजय यादव और विवेक त्रिपाठी के बीच बताया जा रहा है। भूरिया को चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थन हासिल था। वहीं, संजय यादव को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी और मौजूदा प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी की टीम का समर्थन रहा है। विवेक त्रिपाठी को एनएसयूआइ से युवा कांग्रेस में आई टीम का साथ मिला है।

0 टिप्पणियाँ