भोपाल छोला मंदिर थाना इलाके में स्कूटर सवार ठेकेदार को अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। राह चलते लोगों ने ठेकेदार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया था। उनकी स्कूटर मौके पर ही पड़ी थी। इस दौरान अज्ञात दो युवक ठेकेदार की स्कूटर लेकर भी भाग निकले।
छोला मंदिर थाना प्रभारी अनिल मौर्य ने बताया कि अभिनव काकड़ा होम्स निवासी हरजेश माता (65) ठेकेदारी करते हैं। सोमवार रात करीब सवा आठ बजे वह एफसीआइ गोदाम के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान एक बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस बीच दो अज्ञात युवक ठेकेदार की स्कूटर मौके से उठाकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, सवा महीने बाद पता चला बुजुर्ग की कार को ट्रक ने मारी थी टक्कर
परवलिया सड़क थाना इलाके में सवा माह पहले सड़क किनारे कार पलटने से कार में सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। तब बताया गया था कि कार सड़क पर अचानक आए किसी मवेशी को बचाने के कारण अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार बन गई थी। पुलिस की जांच और कार में सवार मृतक के परिजनों के बयान के बाद पता चला कि कार को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। इसके बाद पुलिस ने सोमवार रात को अज्ञात ट्रक के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हादसे के दो दिन पहले भी हुए थे दुर्घटना का शिकार
परवलिया थाना पुलिस के मुताबिक 31 अक्टूबर को मुगालिया हाट जोड़ पर एक कार सड़क किनारे पलट गई थी। हादसे में कार में सवार त्रिलंगा निवासी सुखदेव मालवीय (63) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कार में सवार अन्य परिजन को मामूली चोटें लगी थीं। एक वर्ष पहले ही सरकारी सेवा से रिटायर हुए सुखदेव को अरेरा कॉलोनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पूछताछ में पता चला था कि 29 अक्टूबर को सुखदेव स्कूटी चलाते समय हादसे का शिकार हो गए थे। तब उनका अंदरूनी चोट लगी थी। उसका इलाज कराने ही वह परिजन के साथ कार से श्यामपुर की तरफ जा रहे थे।

0 टिप्पणियाँ