| स्व - सहायता समूह की महिलाओं की हौसला अफजाई |
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के महाशिवरात्रि पूजन हैम्पर खरीदते ही स्व-सहायता समूह की दीदियों का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अवसर था जिला पंचायत परिसर में मुख्यमंत्री श्री चौहान के सपत्नीक दीदी कैफे में दोपहर भोज के लिए पहुँचने का। उन्होंने यहां स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का जायला लिया और अनुज स्व-सहायता समूह झागरिया खुर्द फंदा की दीदियों द्वारा बनाए गए महाशिवरात्रि पूजन सामग्री का हैम्पर खरीदा। श्री चौहान ने हेम्पर की कीमत साढ़े पांच सौ रूपये भी अदा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे पूरे प्रदेश के समूहों को सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
उल्लेखनीय है कि भोपाल के स्व-सहायता समूह तीज-त्यौहार और विशेष अवसरों पर अपनों को अपना सा उपहार देने के लिए लगातार लोकल फॉर वोकल की अवधारणा को चरितार्थ कर रहे हैं। महिलाओं की आत्मनिर्भरता से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनुज आजीविका स्व-सहायता समूह, ग्राम झागरियां खुर्द, ब्लॉक फन्दा ने नई पहल कर महाशिवरात्रि पर्व पर पूजन और उपहार के लिए 18 सामग्रियों को संग्रहित कर महाशिवरात्रि पर्व हैम्पर बनाया है।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा "महाशिवरात्रि गिफ्ट हैम्पर पूजन की सामग्री में शुद्धता और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा गया है। समूहों की महिलाओं ने आम नागरिकों से अपील की है कि महाशिवरात्रि पर्व पर अपनों को महाशिवरात्रि गिफ्ट हेम्पर उपहार स्वरूप भी भेंट करें।
इस हेम्पर में पूजन की सामग्री शिव परिवार प्रतिमा, पूजा स्थापना आसन, गो-दीपक, वेल्वेट डिजाईनर मास्क्, शिव चालीसा, शिव स्तुति, शिवाष्टक, रूद्राष्टकम्, शिव पंचाक्षर स्तोत्र एवं आरती सहित काशी विभूति भस्म, गंगाजल, भोपाल पर्स, कुम-कुम, रूद्राक्ष माला, जूट हैण्डलूम बैग सहित 18 वस्तुएं शामिल हैं।

0 टिप्पणियाँ