भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के काफिले पर शुक्रवार को अलवर के ततारपुर चौराहे के पास कुछ लोगों ने हमला कर दिया। चलती गाड़ियों पर पत्थर फेंके, जिससे करीब तीन से चार गाड़ियों के शीशे टूटने की सूचना है। घटना के तुरंत बाद टिकैत सहित उनके समर्थक कुछ देर ततारपुर चाैराहे पर धरने पर बैठे लेकिन, टिकैत को बानसूर में सभा में पहुंचना था। इसलिए वह तुरंत आगे निकल गए। पथराव करने वाले भी फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। कुछ देर बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
हरसोली में सभा कर बानसूर जा रहे थे टिकैत
किसान नेता टिकैत हरसौली में सभा करने के बाद बानसूर जा रहे थे। शाम करीब चार बजे बाद जैसे ही काफिला ततारपुर चौराहे के पास आया। यहां करीब एक दर्जन से अधिक युवकों ने गाड़ी के काफिले पर पत्थर फेंके, जिससे एक गाड़ी का पूरा शीशा टूट गया। तीन-चार और कारों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
करीब आधा घंटे तक काफिला रुका रहा
हरसौली में सभा करने के बाद कई दर्जन वाहनों से टिकैत का काफिला बानसूर की तरफ जा रहा है। ततारपुर चौराहे के पास घटना होने के बाद करीब आधा घंटे तक काफिले के वाहन वहीं खड़े रहे। गुस्साए लोगों ने पुलिस को भी खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि ततारपुर चौराहे पर पुलिस चौकी है। इसके बावजूद घटना हो गई।
जाम में फंसे वाहन
इस घटना के बाद चौराहे पर जाम लग गया। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया। टिकैत के साथ आए किसान नेताओं में इस घटना को लेकर गुस्सा है। वह बानसूर में सभा होने के बाद वापस ततारपुर चौराहे पर आएंगे।

0 टिप्पणियाँ