शिवपुरी पिपरसमा अनाज मंडी प्याज खरीदी के दौरान 5% आढ़त और अधिक तौल देने से किसानों ने इनकार कर दिया। जिन किसानों ने आढ़त और अधिक तौल के लिए राजी नहीं हुए, व्यापारियों ने उनकी प्याज की बोली तक नहीं लगाई। मंडी में डाक के दाैरान किसानों की प्याज से भरी ट्राॅलियां व लोडिंग को बिना बोली लगाए छोड़ने से किसान नाराज हो गए। व्यापारियों की मनर्जी देख किसान भी जिद पर अढ़ गए और कहने लगे कि फ्री में प्याज बांट आएंगे, लेकिन आढ़त नहीं देंगे।
आढ़त को लेकर बोली नहीं लगने की सूचना पर मंडी सचिव आरपी सिंह डाक के दौरान पहुंच गए और समझाने की कोशिश, फिर भी व्यापारी अपनी हठधर्मिता पर अढ़े रहे। यही नहीं, किसान प्याज की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व लोडिंग लेकर कलेक्टोरेट पहुंच गए।
अपर कलेक्टर उमेश शुक्ला को लिखित ज्ञापन दिया और एसडीएम अरविंद बाजपेयी सहित कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से फोन पर शिकायत की। लेकिन प्रशासन तक उन किसानों की प्याज नहीं बिकवा पाया। मायूस होकर किसान प्याज लेकर घर लौट गए। किसानों ने गंभीर सवाल उठाया है कि व्यापारी खुद का कानून चला रहे हैं, ऐसे तो देश का लोकतंत्र ही खत्म हो जाएगा।
किसानों की पीड़ा : 5% आढ़त और अधिक तौल नहीं दी तो डाक के दौरान बोली नहीं लगाई
पोहरी तहसील के देवरीखुर्द गांव के छत्रपाल धाकड़ ने बताया कि 5% आढ़त और अधिक तौल नहीं दी तो हमारी प्याज की डाक के दौरान बोली नहीं लगाई। हम किसानों को व्यापारी सरेआम लूट रहे हैं। लेकिन मंडी में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कलेक्टोरेट में ज्ञापन भी दिया, फिर भी हमारी प्याज नहीं बिक सकी। शिवपुरी में तो अब लोकतंत्र नाम की चीज नहीं बची है।
पोहरी तहसील सेगाड़ा गांव के किसान ओमप्रकाश धाकड़ ने बताया कि बेटे के संग प्याज बेचने आाय था। एक दिन पहले हमने व्यापारी को 5% आढ़त और हर मन पर 2 किग्रा प्याज अधिक नहीं तौलने दी। आज सारे व्यापारी एक हो गए और डाक में हमारी प्याज की बोली नहीं लगने दी। यहां खुलेआम अंधेरगर्दी मची है। ऐसे व्यापारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिवपुरी तहसील के ठर्रा गांव के अमित धाकड़ ने बताया कि चार दिन पहले प्याज लेकर आए थे। व्यापारी अधिक तौल और कमीशन काट रहा था। लेकिन हमने कमीशन नहीं दिया और ना अधिक प्याज तौलने दी। अब जानबूझकर हमारी प्याज नहीं खरीदी। 1500 रु. भाड़ा लग गया, फिर आएंगे तो 3 हजार रु. हो जाएंगे। जितना कमीशनलेते हैं, व्यापारियों ने उतना तो हमारा नुकसान करा दिया।
ऐसे व्यापारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे
किसानों से पांच प्रतिशत आढ़त और अधिक तौल नहीं ले सकते। आदेश जारी कर मंडी सचिव को निर्देश पहले ही दे चुके हैं। यदि मंडी सचिव व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं तो कार्रवाई का प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। मनमानी कर रहे व्यापारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।
अरविंद वाजपेयी, भारसाधक अधिकारी मंडी एवं एसडीएम शिवपुरी
मंडी में प्याज खरीदी की व्यवस्था को सुधरवा रहे हैं
अनाज मंडी में व्याज व्यापारी किस नियम के तहत अधिक प्याज तौल रहे हैं, उनको नोटिस जारी करा रहे हैं। किसानों से निर्धारित तौल ही ले सकते हैं। कमीशन लेने का प्रावधान नहीं है। मंडी में प्याज खरीदी व्यवस्था को सुधरवा रहे हैं।
अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर शिवपुरी
मांग : सीजन में जितनी प्याज खरीदी, किसानों को कमीशन सहित पूरी रकम दिलवाएं
दर्रोनी गांव के किसान बलराम परिहार का कहना है कि 1 जून को इरशाद राइन ने 753 रु. भाव में प्याज खरीदी थी। प्रति मन के हिसाब एक क्विंटल प्याज अलग से रखकर उसके पैसे नहीं दिए। भुगतान भी 5% कमीशन के 1860 रु. काटकर किया है। इसके बाद 7 जून को भी दूसरे व्यापारी ने भी कमीशन व अधिक प्याज ली। सीजन में व्यापारियों ने 5% कमीशन और अधिक तौल ली है, वह सारा पैसा हम किसानों को प्रशासन वापस दिलवाए।

0 टिप्पणियाँ