Music

BRACKING

Loading...

सलैया में कार में बम होने का पहुंचा फोन, बारीकी से जांच पड़ताल के बाद अफवाह निकली

 


भोपाल सलैया में लाइफस्टाइल ब्लू कॉलोनी में खड़ी कार में बम होने की सूचना से दहशत फैल गई। गुरुवार शाम आए कॉल में कहा गया था कि इस कार में बम रखा है। मिसरोद पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे बम डिस्पोजल स्क्वायड ने 3 घंटे तक कार की तलाशी ली, लेकिन बम नहीं मिला। तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि कॉलर ने केवल यही सूचना देने के लिए कॉल किया था। इसके बाद या पहले कॉल डीटेल में कोई नंबर नहीं मिला है।

टीआई निरंजन शर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम 5 बजे ये कॉल डायल 100 को मिला था। कॉलर ने कहा कि लाइफस्टाइल ब्लू कॉलोनी में खड़ी कार क्रमांक एमपी 04 सीएक्स 7391 में बम रखा है। टीआई ने ये सूचना बम डिस्पोजल स्क्वायड को दी और दोनों टीम मौके पर पहुंच गईं। कार नंबर के आधार पर पता चला कि ये कार अशोका गार्डन में रहने वाले एक व्यक्ति की है। पुलिस उनके घर पहुंची तो वहां ताला लगा था, कॉलोनी में कोई कार के मालिक के बारे में बता नहीं पा रहा था। दो घंटे बाद कार मालिक पहुंचे तो पता चला कि उनका बेटा इसी कॉलोनी में रहकर पढ़ाई करता है।

रायपुर के नंबर से हुई कॉलिंग
तकनीकी जांच में सामने आया कि ये कॉल रायपुर से लिए गए मोबाइल नंबर से किया गया था। कॉलर ने केवल एक ही कॉल किया है। इसके पहले और बाद में उसने कोई कॉल नहीं किया है। इधर, कार मालिक ने किसी पर शक नहीं जताया है न उनकी किसी से कोई दुश्मनी ही है। पुलिस ने फिलहाल मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लातविया पुलिस ने भेजे आईपी एड्रेस
राजा भोज एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम प्लेन हाइजैक करने का कॉल करने वाले ‘’स्मार्ट’’ कॉलर का पता चार दिन बाद भी नहीं चला है। लातविया पुलिस से मांगी गई जानकारी भोपाल पुलिस को शुक्रवार को मिल गई है। लातविया पुलिस ने कुछ आईपी एड्रेस की जानकारी पुलिस को दी है, लेकिन ये भी आरोपी तक पहुंचने के लिए काफी नहीं हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ