Music

BRACKING

Loading...

दूसरे दिन बीज लेने महिलाएं भी पहुंची, पुलिस और अधिकारियों से गुहार लगाती रही

 


खरीफ फसलों की तैयारियों के चलते किसान परेशान हो रहे हैं। मंगलवार को टुकराना जोड़ स्थित बीज निगम के गोदाम में किसानों की भीड़ बढ़ने और हंगामे के बाद नकदी बिक्री पर प्रशासन ने रोक लगा दी। इसके चलते दो दिनों से टोकन के लिए धूप में पसीना बहा रहे किसानों ने बुधवार को हाईवे जाम कर दिया।

क्योेंकि किसानाें के डिफाल्टर होने पर सोसायटियों से बीज नहीं मिल रहा तो खुले बाजार में सोयाबीन के दाम सरकारी दाम से कई गुना ज्यादा देना पड़ रहा है। करीब 20 मिनट तक हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे रहने की सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार और टीआई कोतवाली ने किसानों को समझाइश देकर हाईवे से हटा दिया। किसानों के हंगामे के दूसरे दिन यानी 2 जून को भी बड़ी संख्या में किसान बीज लेने के लिए निगम गोदाम पर पहुंचे, लेकिन एक दिन पहले के हंगामे को देखते हुए कलेक्टर ने बीज की नकदी बिक्री वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया था। ऐसे में किसानों को आक्रोशित होते देख निगम के कर्मचारियों ने गोडाउन नहीं खाेले और कार्यालय के भी दरवाजे बंद कर दिए।

बीज वितरित नहीं होने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और नेशनल हाईवे पर किसानों ने जाम कर दिया। इसकी सूचना प्रशासन को लगी और कोतवाली पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी किसानों को मनाने के लिए नेशनल हाईवे पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया।

इसके बाद किसान नेशनल हाईवे से हटे और यातायात शुरू हो सका। तहसीलदार राजाराम करजरे ने बीज निगम के गोडाउन खुलवाए और किसानों को बीज वितरित करने के आदेश निगम के कर्मचारियों को दिए।
भाव कम इसलिए बढ़ रही निगम के गोदाम पर किसानों की भीड़
बीज निगम के गोदाम से मिलने वाला बीज 7500 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है, इस पर सरकार की ओर से 2 हजार रुपए की सब्सिडी मिलने के बाद किसानों को सोयाबीन का यह बीज महज 5500 रुपए प्रति क्विंटल के दाम से मिल रहा है। जबकि सोयाबीन का बीज खुले बाजार में 8-9 हजार रुपए प्रति क्विंटल के दाम से बिक रहा है।

वहीं सोसायटियों में भी कई किसान अभी भी डिफाल्टर हैं। ऐसे में उन्हें सोसायटियों ने भी बीज देने से मना कर दिया। इसके चलते सरकारी गोदाम पर इन दिनों भीड़ बढ़ने लगी है।
सोसायटियों से बीज मिलने पर किसानों व अव्यवस्थाओं से टकराव बढ़ेगा
मंगलवार को करीब 300 से ज्यादा किसान बीज लेने के लिए गोदाम पर पहुंचे थे। इसमें से 180 को ही बीज दिया था, लेकिन 2 जून को शेष बचे 120 किसानों के साथ करीब 150 नए किसान फिर से पहुंच गए। ऐसे में तहसीलदार और कोतवाली टीआई के सामने नई समस्या खड़ी हो गई कि बीज किसे बंटवाए और किसे नहीं।

ऐसे में तहसीलदार करजरे ने पुराने 120 किसानों को तो गोदाम से ही बीज दिलवा दिए। नए किसानों के लिए कलेक्टर दिनेश जैन से मार्गदर्शन लिया। इसके अनुसार किसानों को अब सोसायटियों से ही बीज मिलेगा। ऐसे में डिफाल्टर किसान और व्यवस्थाओं के बीच टकराव बढ़ता जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ