शिवपुरी गुना, अशोकनगर और सिरोंज में रात को अच्छी बारिश होने से सीजन में पहली बार सिंध नदी उफान पर आ गई। कोलारस तहसील में भड़ौता गांव के पास सिंध नदी के दोनों रपटों के ऊपर पानी बहने लगा। दोनों रपटों के बीच कार सवार पांच लोग तीन घंटे तक फंसे रहे। ग्रामीणों ने पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उधर गुना जिले के बमौरी में भारी बारिश से कूनो नदी में सैलाब आ गया और सेसईपुरा रेस्ट हाउस वाला पुल सात घंटे तक डूबा रहा।
जिलेभर में मंगलवार तड़के 3-4 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। सिंध नदी में उफान पर आ गया और पचावली पुल पर सिंध नदी साढ़े सात फीट पर बहने लगी। पुल के बराबर तक पानी आ गया था। पचावली से नीचे भड़ौता गांव के पास सिंध नदी गुंजारी नदी के संगम के साथ दो हिस्सों में बंटी है। खरेह की तरफ से कार क्रमांक एमपी33 बीबी 0977 से पांच लोग कोलारस आ रहे थे। सुबह 8 बजे पानी कम होने से रपटा पार करके टापू पर आ गए और जैसे ही दूसरा रपटे पर पहुंचे तो यहां रपटे से ऊपर पानी बह रहा था। दो रपटों के बीच टापू पर कार सवार धर्मेंद्र (34) पुत्र इंद्रविजय, रामहेत गुर्जर (25) पुत्र इंद्रविजय निवासी ग्राम ढेंकुआ, लच्छाराम (23) पुत्र मोहर सिंह निवासी खैरोना, कुसुम (57) पत्नी मोहर सिंह सहित 5 लोग फंस गए। हालांकि टामकी गांव के ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे वापस उसी रपटे से ही पांचों को सुरक्षित निकाल लिया। बता दें कि अक्सर नदी में उफान के कारण लोग इस टापू पर फंस जाते हैं।
कूनो नदी सेसईपुरा पुल के ऊपर से बही, छर्च से 24 गांवों का संपर्क टूटा
गुना जिले के बमौरी में भारी बारिश से कूनो नदी में उफान आ गया और श्योपुर-शिवपुरी रोड स्थित सेसईपुरा का पुल डूब गया। सुबह 9 बजे से श्योपुर से शिवपुरी का संपर्क टूट गया। दोपहर 12 बजे से पानी धीरे-धीरे कम होना शुरू हुआ। शाम 4 बजे से एक-एक करके वाहनों को निकाला गया। इसके अलावा शिवपुरी जिले के छर्च क्षेत्र में कूनो नदी में उफान आने से लगभग 24 गांवों का संपर्क छर्च कस्बे से टूट गया।
शहर में 6 घंटे बारिश, दिन-रात के तापमान में सिर्फ 2 डिग्री का अंतर
शिवपुरी शहर में तड़के 4 बजे से रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था जो 10 बजे तक जारी रहा। दोपहर से शाम तक हल्की फुल्की फुहार व बूंदाबांदी होती रही। इस वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 से गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, यानी 24 घंटे में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। यह एक डिग्री नीचे आया है।
मड़ीखेड़ा बांध: बुधवार तक दो से तीन मीटर पानी बढ़ने की उम्मीद
मड़ीखेड़ा बांध में सोमवार तक की स्थिति में 326.90 मीटर जलस्तर था। मंगलवार सिंध नदी में पानी आने से दिन में शाम 4 बजे तक बांध का जल स्तर 327.50 मीटर हो गया था। बुधवार तक दो से तीन मीटर पानी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
कूनो नदी के सैलाब में फसल के साथ मिट्टी भी बही, 350 बीघा में नुकसान
पोहरी तहसील के मानपुर गांव से आधा किमी दूरी से कूनो नदी गुजरी है। मानपुर और सरवानी गांव के बीच खेतो से होकर नदी का पानी आ गया। सैलाब के साथ किसानों की फसलें भी बह गईं हैं। हालात यह रहे कि तेज बहाव में खेतों की मिट्टी तक बह गई है। नदी का जल स्तर कम होने के बाद देखा तो खेतों के पत्थर दिखाई देने लगे हैं। करीब 350 बीघा में किसानों काे नुकसान हो गया है। इस आपदा में किसानों को लाखों की क्षति हो गई है।

0 टिप्पणियाँ