शिवपुरी शहर के लुधावली शिवपुरी स्थित कुएं में गुरुवार की सुबह 35 साल की महिला की लाश मिली है। पति ने कर्ज के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है। किसी साहूकार से दस से बारह हजार रुपए का कर्ज लेने और बदले में तीस से चालीस हजार रुपए चुकाने के बाद भी कर्ज चुकता नहीं हो पाया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है।
ऊषा धाकड़ (35) पत्नी राजनाथ सिंह धाकड़ निवासी गोशाला शिवपुरी की घर से दूर लुधावली स्थित एक सार्वजनिक कुएं में लाश मिली है। पति राजनाथ सिंह का कहना है कि पत्नी व बेटे ने किसी साहूकार से 10-12 हजार रु. का कर्ज लिया था। जिसके एवज में 30-40 हजार रुपए लौटा भी चुकी है। इसके बाद भी कर्ज चुकता नहीं हो पाया है। राजनाथ का कहना है कि वह बारदाना सिलने का काम करता है। इसलिए कर्ज के बारे में उसे ज्यादा जानकारी नहीं है।
उसका बेटा ग्वालियर गया है, लौटने के बाद पता चलेगा कि कर्ज किससे लिया था। बुधवार को समूह वाले भी आए थे, जिन्होंने पैसा देने से मना कर दिया और अगले सप्ताह देने की बात कही। संभवत: समूह से पैसा उठाकर साहूकार को देना चाहती थी। इसे लेकर वह परेशान भी थी। राजनाथ सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी ऊषा धाकड़ ने बुधवार को घबराहट होने की बात भी कही थी। रात में दोनों सो गए और सुबह 6 बजे उठा तो पत्नी गायब थी। सोचा कि हर दिन की तरह सुबह घूमने गई होगी, लेकिन करीब 6:15 बजे एक लड़के ने आकर कहा कि किसी महिला की लाश लुधावली के कुएं में मिली है। फोटो दिखाया तो पत्नी निकली।
0 टिप्पणियाँ