शिवपुरी पोहरी बायपास चौराहा शिवपुरी के पास पैदल घर जा रहे 68 साल के बुजुर्ग को तीन बदमाशों ने जबरन ऑटो में बिठा लिया और जेब काटकर 7.50 हजार लूट लिए। सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर मामला विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक जगदीश धाकड़ (68) पुत्र इरता धाकड़ निवासी अमृतबिहार कॉलोनी शिवपुरी मकान निर्माण के लिए टाइल्स के सिलसिले में गुरुवार को बाजार आए थे। बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे पोहरी बायपास चौराहा शिवपुरी पर पहुंचे, तभी पीछे से ऑटो आकर पास में रुका। ऑटो चालक ने पूछा कि कहां जा रहे हो, तो बुजुर्ग ने कहा कि बस स्टैंड से आगे घर है, पैदल ही चला जाऊंगा, लेकिन ऑटो में पीछे बैठे दो युवक कहने लगे कि आप दादा समान हो, आप से पैसे नहीं लेंगे।
यह कहकर बुजुर्ग का हाथ पकड़कर युवकों ने बीच में बिठा लिया। चौराहे से बस स्टैंड के बीच दोनों युवकों ने जेब से साढे सात हजार रुपए लूट लिए। उसके संग आधार कार्ड भी था। बस स्टैंड पर ऑटो रोककर युवकों ने कहा कि हमें यहीं तक आना था। बुजुर्ग को उतारकर ऑटो से तीनों भाग गए। जगदीश धाकड़ ने घर पहुंचकर नाती विकास धाकड़ को फोन पर सूचना दी और कोतवाली आकर मुकदमा दर्ज करा दिया। पोहरी बायपास चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे से ऑटो की पहचान हो गई है पुलिस शुक्रवार को मामले का खुलासा कर सकती है।

0 टिप्पणियाँ