खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया प्रदर्शनकारियों से बात की। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत होकर लौट गए।
जिलेभर में अतिवृष्टि और बाढ़ ने आशियाने उजाड़ दिए, आवासों की मांग के लिए कई गांवों से लोग शिवपुरी आए
अतिवृष्टि और नदियों की बाढ़ में कई गांवों में आशियाने ढह गए हैं। आपदा के बाद पहले मंगलवार को कई गांवों के लोग कलेक्ट्रेट पहुंच गए। इनमें बैराड़ तहसील के ऐचवाड़ा गांव के ग्रामीण सबसे ज्यादा थे। विरोध कर रहे ग्रामीणों को टीआई बादाम सिंह यादव ने समझाया और रास्ते से हटने को कहा तो भी ग्रामीण नहीं उठे। फिर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ग्रामीणों की बात सुनी। मंत्री ने कहा कि आप मेरा मोबाइल नंबर लो और कोई दिक्कत हो तो सीधे फोन करना। पटवारी को भेजकर सर्वे करवाएंगे।
ऐंचवाड़ा गांव के राजेश नामदेव, बल्लू, सोमा, हरज्ञान सहित 60 से अधिक ग्रामीण समस्या लेकर आए थे। ग्रामीणों का कहना है कि नुकसान का जायजा लेने अधिकारी गांव नहीं आ रहे। गांव के आदिवासी परिवारों के पास खाने के लिए अन्न नहीं बचा और पहनने तक को कपड़े नहीं हैं। गेहूं व अन्य राशन बाढ में बह गया। यहां तक की खेतों में खड़ी फसल भी बर्बाद हो गई है। मदद मांगने पर पंचायत सचिव अनसुनी कर रहा है।
तमाम मिन्नतें करने पर भी अनदेखी कर रहे हैं। इसलिए ट्रक भरकर शिवपुरी आ गए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में करीब दो घंटे तक रास्ता जाम रखा। लेकिन खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ग्रामीणों की इत्मिनान से बात सुनी और अधिकारियों की गलती मानते हुए गांव में नुकसान का सर्वे कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नाराज ग्रामीण शांत हुए और वापस गांव लौट गए।
घर बाढ़ में ढह गए, ग्रामीण फोटो व वीडियो दिखा रहे
बाढ़ में कच्चे घर ढह जाने से पीड़ित ग्रामीण शासन-प्रशासन से मदद की आस लगा रहे हैं। किसी भी सूरत में मकान बन लाए, इसीलिए कलेक्टोरेट आ रहे हैं। ग्रामीण अपने ढहने वाले कच्चे घरों के फोटो और वीडियो भी दिखा रहे हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से सर्वे के लिए कोई नहीं पहुंच रहा है। इसलिए ग्रामीण नाराज हैं।
ग्रामीण बोले- घर ढहने के साथ खाने-पीने तक के लाले
ऐंचवाड़ा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि अतिवृष्टि और ऊपर से पार्वती नदी की बाढ़ में कई घर डूब गए। इनमें 57 घर ढहने से गृहस्थी सामान तक नष्ट हो गया है। खाने-पीने लायक भी कुछ नहीं बचा है। प्रशासन भी आपदा की घड़ी में सुध नहीं ले रहा है। गांव से गुजर रहे तहसीलदार को रोका तो अभद्रता करने लगे और अनदेखा करके चले गए।
ग्रामीणों को भोजन के पैकेट बांटे, मास्क पहनने को कहा
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने ग्रामीणों की बात सुनी। कलेक्टर ने मुआवजे के लिए पटवारी को सर्वे के लिए भेजने की बात कही। ग्रामीणों को को भोजन के पैकेट बांटे और सभी काे मास्क पहनने की नसीहत कलेक्टर ने दी। उन्होंने कहा कि इस तरह भीड़ में ना आएं, क्योंकि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है।

0 टिप्पणियाँ