जिले के ढंगा गांव में वर्चस्व की लड़ाई ने एक वृद्ध की जान ले ली। गांव के कालीपहाड़ी में एक महीने पहले एक पक्ष ने हवाई फायर किया था। इसी का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने हमला बोला। फायर में एक वृद्ध की गोली लगने से मौत हो गई।
खाली ड्रम चोरी पर हुआ था विवाद
करीब एक महीने पहले कालीपहाड़ी में एक पक्ष का खाली ड्रम चोरी हो गया था। उस समय इन्होंने ने दूसरे पक्ष पर संदेह जताते हुए उनके घर जाकर हवाई फायर किए थे। पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर पहले पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी रंजिश में शुक्रवार रात दूसरे पक्ष के कुछ लोग पहले पक्ष के घर पहुंचे और गोली चलाई। 57 साल के प्रतिपाल उर्फ मुन्ना यादव को गोली मार दी। एक गोली मुन्ना के सिर में लगी, जबकि दूसरी छाती में लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि फायर अवैध हथियार से किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आधा दर्जन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
पुराना विवाद चला आ रहा है
एसडीओपी करैरा, जीडी शर्मा ने बताया दोनों पक्षों में पुराना विवाद चला आ रहा है। जिसमें एक माह पहले एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर हवाई फायर किए थे। अब दूसरे पक्ष ने पहले पक्ष पर हमला किया है।

0 टिप्पणियाँ