शिवपुरी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और घायलों को त्वरित मदद पहुंचाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति के मार्गदर्शन में बुधवार को हैप्पी डेज स्कूल में ‘यातायात पाठशाला’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट की उपयोगिता, यातायात नियमों के साथ-साथ 'रहवीर योजना', 'हिट एंड रन योजना' और 'पीएम राहत योजना' की विस्तार से जानकारी दी।
आंकड़ों से समझाया हेलमेट का महत्व
पाठशाला के दौरान पुलिस ने दुर्घटनाओं के चिंताजनक आंकड़े प्रस्तुत किए। वर्ष 2025 में शिवपुरी जिले में बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे चालकों की 410 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 67 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं, 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक हुई 223 दुर्घटनाओं में बिना हेलमेट 61 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए छात्रों को खुद हेलमेट पहनने और अपने परिजनों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर हैप्पी डेज स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती गीता दीवान, प्रिंसिपल अंजू शर्मा, स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ