कोतवाली थाना क्षेत्र में सप्ताह भर पहले 24 अगस्त की रात घटित हुए चाय विक्रेता जगदीश शर्मा के अंधे हत्याकांड पर से पर्दा उठ गया है। इस अंधे हत्याकांड का राज आरोपी अन्नू शर्मा निवासी जल मंदिर रोड के हाथ की चोट से बाहर आया। आरोपी ने चाय विक्रेता को महज इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि वह उससे उधार लिए 15 हजार रुपए वापस नहीं कर रहा था। आरोपी खुद भी बाजार में कपड़े की दुकान का संचालक बताया जा रहा है।
साइंटिफिक एविडेंस से पहुंचे हत्यारोपी तक
एसपी राजेश सिंह चंदेल के अनुसार इस हत्याकांड में पुलिस के पास जांच के लिए बहुत कुछ नहीं था। पुलिस ने इसके बाद अपने एक्सपर्ट्स की मदद ली, जिसमें कई वैज्ञानिक तथ्य सामने आए। इसी के आधार पर पुलिस ने अपनी विवेचना को आगे बढ़ाया। कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। मृतक के संपर्क में आने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की और मोबाइल कॉल की डिटेल, लोकेशन आदि पर पड़ताल आगे बढ़ी। जगदीश के मिलने वालों में अन्नू के हाथ में चोट का निशान मिला तो पुलिस ने हाथ में आई चोट का कारण जानना चाहा तो वह कोई सटीक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने अन्नू शर्मा को टारगेट कर अन्य साक्ष्यों से मिलान शुरू किया और उससे पूछताछ शुरू की तो सारा मामला खुद व खुद सुलझता चला गया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए, पुलिस को खून से बिगड़े अपने कपडे, मोबाइल आदि जब्त कर दिए।

0 टिप्पणियाँ