शिवपुरी तहसील के सिरसौद गांव सहित आसपास क्षेत्र में डेढ़ घंटे भारी बारिश हो गई। गांव के नजदीक मंदिर पर सत्संग खत्म होने के बाद ग्रामीण लौटे तो नाला पार करने के लिए रस्सी के सहारे घर लौटना पड़ा। हालांकि किसी तरह का गंभीर हादसा नहीं हुआ। ग्रामीणों की 50 से अधिक बाइक, दो कार व दो ऑटो पानी भरने से खराब हो गए।
जानकारी के मुताबिक सिरसौद क्षेत्र में रविवार की दोपहर 2 से 3:30 बजे तक भारी बारिश हो गई। सिरसौद का नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले के दूसरी तरफ काली माता मंदिर पर सत्संग चल रहा था और बारिश थमने के बाद करीब डेढ़ हजार ग्रामीण वापस लौटने लगे तो नाला पार करना मुश्किल हो गया। बाद में गांव के लोग रस्सी लेकर आए और ढाई से तीन फीट पानी के बीच से सभी लोगों को निकाला गया। इसके अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं था। वहीं सिरसौद गांव के संकेत जैन ने बताया कि मेरी किराना दुकान में नाले का पानी भर गया। दुकान में रखे शक्कर के 4 कट्टे व अन्य सामान भीग कर खराब हो गया है।

0 टिप्पणियाँ