शिवपुरी प्रधानमंत्री उज्ज्वला 2.0 योजना के अंतर्गत देश के निर्धन परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय किए जाएंगे। योजना में प्रदेश के 9 लाख निर्धन परिवार भी लाभान्वित होंगे जिसमें शिवपुरी जिला भी शामिल है। योजना अंतर्गत नवीन गैस कनेक्शन जारी किए जाने पर पात्र हितग्राहियों को डिपॉजिट फ्री गैस कनेक्शन मिलेंगे। साथ ही प्रथम रिफिल और गैस चूल्हा (हॉट-प्लेट) भी नि:शुल्क दिया जाएगा।
गरीब गृहस्थी से संबंधित महिला होंगी हितग्राही: उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ऐसी वयस्क महिला गैस कनेक्शन प्राप्त करने की पात्र होंगी, जो गरीब गृहस्थी से संबंध रखती हैं। जिनकी गृहस्थी में किसी भी प्रकार का गैस कनेक्शन पहले से उपलब्ध नहीं है।
इसके अलावा ऐसे हितग्राही, जो SECC 2011 की सूची के अनुसार पात्र हों और अनुसूचित जाति/जनजाति गृहस्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय अन्न योजना, वनवासी, अति पिछड़ा वर्ग, चाय और पूर्व चाय बागान जनजाति की महिलाएं भी कनेक्शन का लाभ ले सकेंगी।
प्रदेश के 38 जिलों में शिवपुरी भी शुमार
प्रदेश में 38 ऐसे जिले हैं, जहां एलपीजी कवरेज 90 प्रतिशत से कम है। ऐसे जिलों में प्राथमिकता के आधार पर ई-केवाईसी जमा कराई जा रही है। विकासखंड में लागू इस योजना का लाभ प्रवासी मजदूर, जो अन्य राज्यों से हैं, को भी दिया जाएगा। हितग्राही ई-केवाईसी में अधूरी जानकारी को उचित मूल्य दुकानदार के माध्यम से पूरी करा सकते हैं। आवेदक परिवार अपनी इच्छा अनुसार कम्पनी एवं गैस वितरक का चयन कर सकेगा।
7 दिन में पूरे करें अपने अधूरे प्रपत्र
ऐसे चिह्नित परिवार, जिनके पास आधार नम्बर उपलब्ध नहीं है, मुखिया के साथ अन्य वयस्क सदस्यों को प्राथमिकता पर ‘आधार’ पंजीयन कराना होगा। जिन हितग्राहियों का बैंक खाता नहीं है, वह 7 दिन के अंदर बैंक खाता खुलवाएं। जन-धन बैंक खाते का उपयोग गैस कनेक्शन के लिए मान्य रहेगा। गैस एजेंसी द्वारा आवेदन प्राप्त होने के 7 दिन में गैस कनेक्शन स्वीकृत किया जाएगा। जिसकी सूचना आवेदक के मोबाइल पर एसएमएस से दी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ