भोपाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने बयानों से हमेशा सुर्खियां में बने रहते हैं। हाल ही में उन्होंने कहा कि हम जिनसे लड़ रहे हैं, उन्हें शिशु मंदिर से ही नफरत सिखाई जाती है। इनकी नफरत के कारण ही देश में दंगे होते हैं। इसके बाद से राजनीतिक गरमा गई है।
इसके पहले दिग्विजय ने कई ऐसे बयान दिए, जिनकी वजह से वे मुश्किलों में घिर गए। फिर चाहे दिग्विजय का यह कहना हो कि मुसलमानों से ज्यादा गैर-मुसलमान ISI (पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी) के लिए जासूसी कर रहे हैं या फिर मोदी को हिटलर कहना। दिग्गी के बयानों से न केवल विपक्षी, बल्कि कई बार तो कांग्रेस के ही नेता भी भागते दिखाई देते हैं।
ऐसा नहीं है कि उन्होंने अपने बयानों से विरोधी पार्टी पर ही हमले किए। दिग्विजय ने मध्य प्रदेश की एक रैली में (26 जुलाई 2013) को तत्कालीन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और मंदसौर की सांसद मीनाक्षी नटराजन को '100 टका टंच माल' कह दिया था। उन्होंने कहा था- मैं राजनीति का पुराना जौहरी हूं। मीनाक्षी जी का काम देख कर मैं यह कह सकता हूं कि वह 100 टका टंच माल हैं। इस बयान से पार्टी के अंदर ही दिग्विजय का विरोध हुआ था, लेकिन वे बयान पर कायम रहे।
पुलवामा हमले को लेकर केंद्र सरकार पर उंगली उठाने की बात हो, सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने की कहानी या फिर हिंदू आतंकवाद की बात हो, दिग्विजय हमेशा बेबाकी से बात रखते रहे हैं। यह अलग बात है कि उन्हें तारीफ कम, आलोचना अधिक मिली। एक बार उन्होंने कहा था- संघ की विचारधारा से प्रभावित लोगों द्वारा ही मालेगांव विस्फोट, मक्का मस्जिद विस्फोट, समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
दिग्विजय के RSS द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर को लेकर हाल ही में दिए गए विवादित बयान पर एक बार फिर बवाल मच गया है। राष्ट्रीय बाल आयोग ने मध्य प्रदेश के DGP को दिग्विजय के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक पंकज चतुर्वेदी ने दिग्विजय को लीगल नोटिस भेजा है। हम आपको बता रहे हैं दिग्विजय सिंह के 10 ऐसे बयान और सोशल मीडिया पोस्ट, जिससे उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
दिग्विजय के 10 विवादित बयान और पोस्ट
20 जून 2021: ओवेसी MIM एक तरफ, संघ भाजपा एक तरफ। दोनों एक सिक्के के दो पहलू हैं। फूट डालो, राज करो। गोरे चले गए, चेले छोड़ गए।
10 सितंबर 2021: तालिबान महिलाओं को मंत्री बनाने लायक नहीं समझता है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी कहा है कि महिलाओं को घर पर ही गृहस्थी करनी चाहिए। क्या RSS और तालिबान की सोच एक जैसी हो गई है।
2 सितंबर 2021: लायक संतान पिता से विरासत में मिली संपत्ति की रक्षा करती है, लेकिन नालायक बेटा उसी विरासत में मिली संपत्ति को बेचकर, फिर कर्ज लेकर घी पीता रहता है। केंद्र की वर्तमान सरकार की नीति नालायक बेटे की तरह है। (कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम, पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान)
3 मार्च 2019: जिस तरह से अमेरिका ने ओसामा बिन लादेन को पकड़ने का प्रमाण दिया था, केंद्र सरकार को भी सर्जिकल स्ट्राइक पर (पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर) ऐसे ही प्रमाण देना चाहिए।
12 जून 2021: अगर कांग्रेस सत्ता में लौटी तो कश्मीर में धारा 370 बहाल की जाएगी।
27 अप्रैल 2019: आजकल गूगल पर फेकू टाइप करो तो किसका फोटो आता है? विश्व में इनकी शोहरत इस बात से है कि इनसे झूठा प्रधानमंत्री किसी देश का नहीं है।
23 अप्रैल 2019: संघ की मर्जी के खिलाफ बोले वो देशद्रोही है। भारत के शहीद भी अगर संघ को पसंद नहीं तो वो 'शैतान' हैं।
17 सितंबर 2019: भगवा पहनकर लोग मंदिर में कर रहे हैं बलात्कार। आध्यात्म से जुड़ने वाले साधु आज भगवा पहनकर बेच रहे हैं चूरन।
18 जून 2018: जितने भी हिंदू धर्म वाले आतंकवादी पकड़े गए हैं, सब संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। महात्मा गांधी की हत्या करने वाला नाथूराम गोडसे भी RSS में रहा था।
1 नंवबर 2016: (भोपाल सेंट्रल जेल से फरार सिमी के 8 आतंकियों के एनकाउंटर पर) ऐसा क्यों होता है कि हर बार मुस्लिम कैदी ही जेल तोड़कर भागते हैं। आतंकी भागे थे या भगाए गए थे।
इन मामलों में उलझ चुके हैं दिग्विजय
- 2001 में ईसाई मठों में रह रही ननों के साथ बलात्कार जैसी घटनाओं के पीछे हिंदूवादी संगठनों को दोषी ठहराया था। उनके खिलाफ एक स्थानीय वकील ने जन अवमानना का दावा करते हुए दिग्विजय सिंह के खिलाफ झाबुआ अदालत में केस दायर कर दिया।
- 2004 में मध्य प्रदेश लोकायुक्त द्वारा इंदौर भूमि घोटाले में दिग्विजय सिंह सहित 4 लोगों के खिलाफ केस दायर किया गया था।
- 2009 में उत्तर प्रदेश में एक चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ केस दायर किया गया।
- 2009 में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्विजय सिंह समेत 10 अन्य लोगों पर इंदौर आइलैंड मॉल के निर्माण में पैसों की लेन-देन और धोखाधड़ी जैसे आरोपों से भी दिग्विजय सिंह को दो-चार होना पड़ा।
0 टिप्पणियाँ