ग्वालियर शहर के हर व्यक्ति को कोरोना से बचाव का टीका लग जाए इसके लिए धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और खेल संस्थाएं आगे आई हैं। इसके तहत शहर के दवा विक्रेता आपको दवा देने से पहले सवाल करेंगे- आपने दोनों डोज लगवाए हैं या नहीं। नहीं लगवाएं हैं तोे कृपया लगवा लें। उधर धार्मिक संगठनों ने प्रमुख मंदिरों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुआें के लिए जगह-जगह बैनर लगाकर अपील की है।
अगर आपने कोरोना से बचाव के लिए टीके के दोनों डोज नहीं लगवाए हैं तो मंदिर में प्रवेश न करें। यहीं नहीं किराना कारोबारियों ने भी लोगों को सामान देने से पहले उनका वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाने का आग्रह करने का फैसला लिया है। इसके पीछे मंशा एक ही है कि शहर में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। जिले में अबतक 14 लाख 58 हजार 956 लोगों ने कोरोना से बचाव का पहला टीका अबतक लगवाया है। शेष|पेज 6 पर
7 लाख 76 हजार 567 लोगों ने ही अबतक दोनों डोज लगवाए हैं।
शहर की सबसे बड़ी धार्मिक संस्था अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष हरिदास अग्रवाल का कहना है कि सबसे बड़ा धर्म राष्ट्र धर्म है। जनता स्वस्थ और सुरक्षित होगी तो राष्ट्र सुरक्षित है। इसलिए अचलेश्वर न्यास ने परिसर में जगह-जगह बैनर लगाकर लोगों से अपील की है कि जिन श्रद्धालुओं ने वैक्सीन नहीं लगवाई है वे मंदिर में प्रवेश न करें।
वहीं दाल बाजार समिति के सचिव मनीष बांदिल के मुताबिक दाल बाजार व्यापार समिति ने तय किया है कि जो भी ग्राहक सामान खरीदने आएगा उसने टीकाकरण के दोनों डोज के बारे में न केवल जानकारी ली जाएगी बल्कि सर्टिफिकेट भी देखाने के लिए कहा जाएगा। जिसने टीकाकरण नहीं कराया होगा उसे सामान नहीं देंगे। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरुक करने के मामले में मेडिकल स्टोर संचालक भी पीछे नहीं हैं।
जिला ग्वालियर कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश अरोरा का कहना है कि सभी दवा विक्रेताओं को एसोसिएशन की ओर से यह हिदायत दी जा रही है कि आपके पास दवा खरीदने जो भी मरीज या अटेंडेंट आ रहा है उससे पूछें कि उसने दोनों टीके लगवाए हैं या नहीं। अगर उसने टीके नहीं लगवाए हैं तो उसे प्रोत्साहित कर उसे टीकाकरण के फायदे बताएं।
व्यापारियों की संस्था कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन का कहना है कि कैट अपने सभी व्यापारियों को एक डिजाइन भेजेगी कि हम पूरी तरह टीकाकरण करा चुके हैं, क्या आपने टीकाकरण कराया है या नहीं? अगर टीका नहीं लगवाया तो आज ही लगवाएं।
18+खिलाड़ियों को दोनों डोज लगे होने पर ही एंट्री : जीडीसीए
बच्चों के स्वास्थ को लेकर खेल संस्थाएं भी चिंतित हैं। जीडीसीए के चेयरमैन प्रशांत मेहता कहते हैं- कोरोना महामारी को देखते हुए जीडीसीए ने निर्णय लिया है कि 18 साल से अधिक उम्र के उन खिलाड़ियों को ग्राउंड में एंट्री दी जाएगी जिनके पास टीका लगाने के दोनों डोज के सर्टिफिकेट होंगे। जिन खिलाड़ियों के पास सर्टिफिकेट नहीं होगा उन्हें एंट्री नहीं दी जाएगी।
दोनों डोज लगवाने वालों को ही दें सेवाएं
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने अपने सभी सदस्यों का टीकाकरण करवा दिया है। जो सदस्य टीकाकरण से वंचित रह गए हैं उसने भी टीकाकरण कराने के लिए कहा जाएगा। मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स व्यापारियों से अपील करेगा कि दोनोें डोज लगवाने वालों को ही अपनी सेवाएं प्रदान करें। -विजय गोयल, अध्यक्ष, चेंबर ऑफ कॉमर्स
शासन के आदेश को जिले में जल्द लागू करवाएंगे
शासन के आदेश हैं कि जिन लोगों ने कोरोना से बचाव के दोनों डोज नहीं लगवाए हैं उन्हें राशन नहीं दिया जाए। जिले में जल्द से जल्द यह व्यवस्था लागू की जाएगी। टीका लगवाकर आप न केवल अपने को सुरक्षित रखेंगे बल्कि परिवार और समाज को भी सुरक्षित रखने में सहायक होंगे। -कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर
0 टिप्पणियाँ