शिवपुरी में बिरसा मुंडा का जन्म दिवस सामाजिक संगठन सहरिया क्रांति द्वारा सुरवाया थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम दबिया में मनाया गया। इस अवसर पर अनेक गांवों के आदिवासी मुखियाओं ने अपने विचार रखें व सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सहरिया क्रांति के राष्ट्रीय संयोजक संजय बेचैन ने कहा कि आज से सहरिया क्रांति का हर सदस्य सुबह शाम फोन व सोशल मीडिया पर हैलो, हाय के स्थान पर जय बिरसा, जय क्रांति बोलेगा। उनके प्रस्ताव का सभी पंचों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए विजय आदिवासी ने शिक्षा के प्रचार प्रसार पर जोर डाला, वहीं भोला आदिवासी ने लोगों को रोजगारमूलक योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। कार्यकम के प्रारंभ में दादोल गांव की नन्हीं बच्ची देवकी व बबली ने सभी को स्कूल जाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। पूरे गांव ने बिरसा मुंडा की जयंती पर शराब छोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन कल्याण आदिवासी ने किया।
0 टिप्पणियाँ