शिवपुरी ,कोलारस - अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले थाना इंदार के ग्राम ठाठी में अवैध संबंधों के कारण एक युवक राजेंद्र यादव पुत्र शैतान सिंह यादव की शिंभू लोधी सहित 8 आरोपियों ने लाठियों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक के प्रति घृणा इतनी प्रवल थी कि आरोपी उसकी लाश को घसीटते हुए लाए और उसे तालाब में फेंक दिया। जब मृतक राजेंद्र यादव देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश करते हुए आए तो उन्हें पता चला कि उसका कुछ लोगों से झगड़ा हुआ है और उसकी लाश तालाब में पड़ी हुई है। शुक्रवार और शनिवार की रात 12 बजे राजेंद्र के परिजन और इंदार पुलिस उसकी लाश को लेकर जिला अस्पताल आए। मृतक के चाचा महेंद्र यादव और पुत्रगण भंजन यादव और रविंद्र यादव ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण राजेंद्र के साथ मारपीट की गई है। आरोपियों में दुर्गेश यादव, निर्मल यादव, मोहित यादव, अरविंद यादव, शंभू लोधी, चिंटू लोधी, दानवीर यादव के नाम लिखाए हैं, जिन्होंने राजेंद्र पर लाठियों और कुल्हाडियों से हमला किया था।
गांव में सरपंची के चुनाव की तैयारियां चल रही थीं और सरपंची का चुनाव लडऩे के लिए राजेंद्र के परिवार का कोई सदस्य तैयारी कर रहा था। इसी कारण रोज रात को दारू पार्टी और बैठकें हो रही थीं। राजेंद्र के खेत के पास ही आरोपी शिंभू लोधी का घर है। दारू पार्टी में शिंभू लोधी और उसके साथी भी शामिल रहते थे। बताया जाता है कि पिछले चार माह से मृतक राजेंद्र यादव का शिंभू लोधी के यहां आना जाना कुछ अधिक बढ़ गया था। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार उसका शिंभू लोधी की पत्नी से चक्कर भी चल रहा था। दारू पार्टी में नशे में धुत्त होकर बताया जाता है कि मृतक राजेंद्र ने कुछ ऐसा कह दिया, जिससे यह प्रेम की कहानी उजागर हो गई। राजेंद्र के मुंह से यह बात सुनकर शिंभू लोधी और उसके साथी आक्रोशित हो उठे। बस फिर क्या था लाठी और कुल्हाडियों से उन्होंने पीट-पीटकर राजेंद्र यादव की हत्या कर दी। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों ने राजेंद्र की हत्या की प्लानिंग पहले से ही कर ली थी और उसी योजना के तहत उसे घटनास्थल पर बुलाया गया था। जहां उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
पुलिस अधीक्षक एसडीओपी एफएसएल अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल,कोलारस एसडीओपी अमरनाथ वर्मा, एफएसएल अधिकारी हरि सिंह बरहादिया ने मौके का निरीक्षण किया।
इनका कहना है-
ग्राम ठाठी में राजेंद्र यादव की हत्या कर दी गई है। इस हत्या में शिंभू लोधी और उसके साथियों के नाम सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि रंजिशन यह हत्या हुई है। वहीं यह भी कहानी सामने आ रही है कि हत्या के मूल में अवैध संबंध हैं। लेकिन जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट होगा।
केएन शर्मा, थाना प्रभारी इंदार


0 टिप्पणियाँ