Music

BRACKING

Loading...

शिवपुरी : जिला स्तरीय युवा उत्सव वर्चुअल माध्यम से 30 दिसम्बर को


शिवपुरी,      

  खेल और युवा कल्याण विभाग एवं भारत सरकार के प्राप्त निर्देशानुसार श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में 30 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे से जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कलाकारों को विभिन्न पारंपरिक एवं सांस्कृतिक विधाओं के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु इस वर्ष भी पूर्व की भांति कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए युवा उत्सव 02 विधाओं में लोक नृत्य एवं लोक गीत का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष जिला एवं संभाग स्तर पर वर्चुअल आयोजन किया जाएगा। इस वर्चुअल आयोजन में प्रतिभागी युवा उत्सव के नियम एवं दिशा निर्देशानुसार अपने प्रदर्शन का वीडियो बनाकर 30 दिसम्बर तक जिला मुख्यालय भेजेंगे जिसमें से जिला स्तरीय निर्णायक समिति विजेता प्रतिभागी को संभाग स्तरीय दल के लिये चयनित करेगी। युवा उत्सव में सम्मिलित होने वाले कलाकारों ग्रामीण व शहरी युवक/युवतियां जिनकी आयु 12 जनवरी 2022 को 29 वर्ष से अधिक न हो भाग ले सकते है।
युवा उत्सव में सम्मिलित होने वाले कलाकार अपने प्रदर्शन का वीडियो बनाकर 30 दिसम्बर तक ग्रामीण व शहरी कलाकार अपना पंजीयन सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कर करवा सकते है। पंजीयन हेतु कलाकार को अपना नवीन पासपोर्ट साईज फोटो, आयु प्रमाणीकरण हेतु अंकसूची, जन्म प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं आयोजन स्थल पर मूल प्रमाण पत्र साथ में लाना अनिवार्य है।
वर्चुअल के माध्यम से जिला स्तरीय जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी डॉ.के.के.खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष युवा उत्सव 02 विधाओं लोक नृत्य एवं लोक गीत में आयोजित किया जा रहा है। लोक नृत्य विधा में सहभागिता करने वाले कलाकार महिला, पुरुष प्रतिभागी एवं संगीतकार सहित अधिकतम 20 सदस्य, लोक नृत्य हिन्दुस्तानी स्टाईल, प्रत्येक दल को प्रस्तुत हेतु 15 मिनिट का अधिकतम समय, तालमेल, कोरियोग्राफी, कॉस्टयूम, मेकअप, सेट तथा ओवर ऑल प्रदर्शन निर्णय का आधार रहेगा प्रतियोगिता में टेप, केसेटस आदि पर प्रस्तुती मान्य नहीं होगी।
लोकगीत में संगतकार सहित कुल अधिकतम 10 सदस्य, लोकगीत भारतीय गायन/क्षेत्रीय भाषा पर आधारित होगा, प्रस्तुति का अधिकतम समय 7 मिनट निर्णय का आधार गायन की गुणवत्ता रहेगी। लोकगीत में फिल्मी गीत का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। जिले से चयनित युवक/युवतियां वर्चुअल माध्यम से प्रस्तुत सीडी, कैसेट, पेन ड्राइव के माध्यम से संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी। इस वर्ष भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा उत्सव 12 से 16 जनवरी 2022 के मध्य पुडुचेरी में आयोजित की जाएगी।
जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी ने जिले में संचालित नेहरू युवा केन्द्र, संगीत विद्यालय, छात्रावास, स्कूल, कॉलेज में उक्त विधा में रूचि रखने वाले युवा कलाकारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कलाकारों को सहभागिता करने हेतु प्रोत्साहित करें, जिससे कलाकार अच्छे प्रदर्शन से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाये।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ