शहर के पुराने बायपास चौराहे पर रामबाग कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने जिम से घर लौट रही एक्टिवा सवार युवती को रौंद दिया। शरीर पर ट्रक का पहिया चढ़ने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। शहर का नया फोरलेन बायपास चालू हाे चुका है। शहर के भारी वाहनों के एंट्री पर रोक है, इसके बावजूद चालक ट्रक को शहर के अंदर से पुराने बायपास होते ही निकाल रहा था। गुना व ग्वालियर से आने जाने वाले भारी वाहन अक्सर पुराने बायपास पर आ जाते हैं और लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं। शहर के अंदर आने वालों को पुलिस भी नहीं रोकती।
जानकारी के मुताबिक दामिनी (27) पुत्री सुरेश ओझा निवासी माधव नगर शिवपुरी गुरुवार को रामबाग कॉलोनी स्थित जिम में गई थी। जिम से सुबह 7:30 बजे एक्टिवा क्रमांक एमपी33 एमके 4195 से वापस घर लौट रही थी। जिम से 100 मीटर दूर जैसे ही पुराने बायपास पर पहुंची, ग्वालियर की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक आरजे11 सीए 8912 ने कुचल दिया। ट्रक से टकराकर स्कूटी दूर जा गिरी और ट्रक का पहिया साइड से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों से गुजर गया। दामिनी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जिम आने वाले लड़कों ने जिम संचालक को सूचना दी और जिम संचालक अरविंद ने तुरंत पुलिस काे सूचना दी। सूचना मिलने पर टीआई सुनील खेमरिया मौके पर पहुंचे। भीड़ बढ़ते देख टीआई ने शव को उठवाकर पीएम हाउस पहुंचवाया। बाद में पीएम कराकर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
0 टिप्पणियाँ