शिवपुरी
पिछले तीन दिनों से जिले में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया हैं। सर्दी से बचने के लिए नगर पालिका क्षेत्र में अलाव जलाए जाते हैं। लेकिन नपा प्रशासन द्वारा जिले भर में कहीं भी अलाव नहीं जलाए जा रहे हैं। जिससे बेसहारा लोग व जानवर सर्दी से तड़पते हुए देखे जा रहे हैं। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री के गृह नगर पोहरी में देखने को मिली। यहां एक वृद्ध की सर्दी के कारण तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
बताया गया हैं कि पोहरी के मुख्य चौराहे पर थाने के सामने स्थित यात्री प्रतिक्षालय में एक वृद्ध भरी सर्दी में पिछले तीन दिन से बेसहारा हालत में पड़ा हुआ मिला था। जिसे डायल 100 ने उपचार के लिए पोहरी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन यहां के चिकित्सकों ने महज खाना पूर्ति कर उसे अपने हाल पर छोड़ दिया था। नागरिकों का कहना कि उक्त वृद्ध पुनः उसी यात्री प्रतिक्षालय में आ गया था जहां रेखा बंसल, एवं उपेन्द्र चौहान ने एक ंकंबंल व रजाई उपलब्ध करा दी, लेकिन उक्त रजाई उस वृद्ध को सर्दी से बचाने में पर्याप्त नहीं थी, मुख्य चौराहे पर यात्री प्रतिक्षालय में पड़े इस असहाय वृद्ध पर किसी भी नागरिक या नपा प्रशासन अथवा समाजसेवी संस्था की नजर नहीं पड़ी और उसने सर्दी से तड़प-तड़प कर उसने वहीं दम तोड़ दिया। अब सवाल उठता हैं कि ऐसी सर्दी में जब बुर्जुग जिंदा था तब जिम्मेदारों ने उसकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यदि समय रहते उसे रेन बसेरा, अथवा निराश्रित भवन में भेज दिया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। बुजुर्ग की मौत प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं भरपूर बजट बाले विभाग नगर पंचायत पर सवालियां निशान लगाता हुआ परलोक चला गया।
0 टिप्पणियाँ