मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सेवा भारती वृद्धाश्रम पहुँचकर अपना जन्म- दिन मनाया। उन्होंने वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया और पुष्पाहार तथा फल वितरित कर वृद्धजनों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सेवा भारती संगठन अनेक सेवाओं का काम कर रहा है। मैं यहाँ वृद्धजनों का आशीर्वाद लेने सदैव आता रहूँगा। नर सेवा नारायण सेवा है। "परहित सरस धर्म नहीं भाई" की भावना के साथ जनता की सेवा में हमेशा जुटा रहूँगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वृद्धजन प्रसन्नता के साथ अपने जीवन का उत्तरार्द्ध गुजारें। कोई हताश और निराश नहीं रहे। उन्होंने कहा कि जन्म-दिन समाज के भाई-बहनों के बीच पहुँचने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे देश में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना है। सारी दुनिया एक परिवार है। मैं आपका सेवक हूँ। आपके बीच आकर मुझे प्रसन्नता होती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान को वृद्धजनों ने जन्म- दिन की बधाई और शुभकामनाएँ दीं
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के जन्म-दिवस पर मंत्रीगण, जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्यकर्ता और जन-सामान्य ने शुभकामनाऍ दी। मुख्यमंत्री निवास में विभिन्न समाज के व्यक्ति मुख्यमंत्री श्री चौहान को जन्म-दिवस की बधाई देने के लिए एकत्र हुए। आगंतुकों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट कर उनकी दीर्घायु और स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उपस्थित थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान से जलसंसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री कुंवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, जन-प्रतिनिधि श्री भगवानदास सबनानी, श्री राहुल कोठारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भेंट कर जन्म-दिन की शुभकामनाएँ दी।
0 टिप्पणियाँ