Music

BRACKING

Loading...

शिवपुरी : कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन नो एंट्री आदेश का असर नहीं, अब कलेक्टर बंगले तक आने लगे ट्रक


 

शहर में नो एंट्री का दायरा बढ़ने के बाद भारी वाहनों की एंट्री नहीं रुक पा रही है। अब ट्रक दिन दहाड़े कलेक्टर कोठी तक आने लगे हैं। भारी वाहनों के वजन से कलेक्टर बंगला रोड के स्पीड ब्रेकर तक टूट गए हैं। ट्रैफिक पुलिस के मुख्य चौराहों पर पॉइंट लगे होने के बाद भी रेत, गिट्टी और ईंटों से भरे ट्रक शहर में घुस रहे हैं।

कलेक्टर बंगला रोड पर गुरुवार की सुबह 11:45 बजे ईंटों से भरा ट्रक दौड़ता नजर आया। जबकि खुद कलेक्टर शिवपुरी द्वारा नो एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। कलेक्टर बंगले के आगे से दौड़ता ट्रक कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर रहा है।

दरअसल शिवपुरी शहर में अवैध फड़ों पर खनिज विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। विभाग हर बार नगर पालिका द्वारा कार्रवाई होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है। इधर नगर पालिका भी कार्रवाई में रुचि नहीं ले रही है। नो एंट्री जोन में ट्रक घुसने से कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी भारी वाहनों को दिन के समय घुसने से नहीं रोका जा रहा है।

जिला खनिज अधिकारी राजेंद्र भदकारिया ने कहा था कि उनके खनिज निरीक्षण द्वारा टेकरी पर संचालित अवैध फड़ों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। लेकिन खनिज निरीक्षक सुरेंद्र पटले द्वारा अभी तक किसी तरह की पुख्ता कार्रवाई नहीं की है।

भारी वाहनों से हादसा हुआ तो ये तीनों विभाग जिम्मेदार होंगे

टेकरी के अवैध फड़ों से बाबा गोरखनाथ मंदिर का रास्ता अवरुद्ध हो रहा है। सामने ही विष्णु मंदिर और पूर्व में सिद्धेश्वर मंदिर है। चिंताहरण मंदिर, स्कूल व रिहायशी बस्तियां होने के कारण छतरी रोड पर ट्रैफिक हमेशा रहता है। भारी वाहनों की वजह से हादसा हुआ तो इसके लिए खनिज विभाग, नगर पालिका और ट्रैफिक पुलिस जिम्मेदार माने जाएंगे। क्योंकि कार्रवाई की जिम्मेदारी इन्हीं तीनों विभागों की है।

दो बत्ती चौराहे से नो एंट्री जोन में भारी वाहनों का घुसना निरंतर जारी : विष्णु मंदिर के ठीक सामने 

टेकरी पर अवैध फड़ अभी तक नहीं हटाए जा सके हैं। सरकारी जमीन पर फड़ माफिया कब्जा 

जमाकर बैठा है। दो बत्ती चौराहे से ट्रक, डंपर और कंटेनर दिनदहाड़े घुस रहे हैं। खास बात यह है कि 

ट्रैफिक पुलिस ने दो तीन बार वाहन पकड़ लिए। लेकिन ट्रैफिक पुलिस नो एंट्री में प्रवेश रोकने में अभी तक नाकाम साबित हो रही है।

किन मार्गों से शहर में आ रहे हैं, उन्हें चिह्निंत करेंगे

चौराहों पर पॉइंट लगे होने के बाद भी नो एंट्री में ट्रक कहां से घुस रहे हैं, इसे हम दिखवाएंगे। ट्रक किन वैकल्पिक मार्गों से शहर में आ रहे हैं, उन्हें चिन्हित करेंगे। -रणवीर सिंह यादव, थाना प्रभारी, ट्रैफिक थाना शिवपुरी

प्रकरण क्यों दर्ज नहीं हुए, ऑफिस पहुंचकर बताऊंगा

शहर में अवैध फड़ संचालन की अनुमति नहीं रहती है। अवैध फड़ों को हटवाने की जिम्मेदारी नगर पालिका है। मैं फील्ड में हूं, अवैध फड़ों पर प्रकरण क्यों दर्ज नहीं हुए हैं, ऑफिस पहुंचकर बताऊंगा। - राजेंद्र भदकारिया, जिला खनिज अधिकारी शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ