Music

BRACKING

Loading...

श्योपुर : नलों में प्रेशर कम, सड़कों पर फालतू बहता है पानी, नपा अफसरों को नहीं है फिक्र

 शहर में वाटर लेवल एक माह में 50 फीट गिरने के बावजूद सभी 23 वार्डों में सुबह-शाम पानी की सप्लाई हो रही है। नगरपालिका की जल प्रदाय शाखा द्वारा शहरभर में 120 ट्यूबवेल से सीधी सप्लाई वाले क्षेत्र में लोगों को डिमांड पर भी पानी दिया जा रहा हैं। लेकिन यह पानी नलों में सप्लाई के दौरान मुख्य पाइप लाइन में जगह-जगह हो रहे लीकेज से सड़कों पर बह जाता है। जिससे कई वार्डों में नलों में कम प्रेशर से पानी आने के कारण पेयजल की किल्लत पैदा हो गई है।

नलों से गंदा और मटमैला पानी आने की शिकायत भी लोग कर रहे है। शहर के वार्ड 17 कुम्हार मोहल्ला और सरावगी मोहल्ले में नलाें में दूषित पानी सप्लाई हाेने और कम प्रेशर की समस्या काे लेकर गुरुवार काे उपभोक्ताओं ने जल प्रदाय शाखा में शिकायत की। लाेगाें का कहना था कि पिछले कई दिनाें से कहीं नलों में बहुत कम प्रेशर से पानी पहुंच रहा है तो कहीं लोग मटमैला पानी छानकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं। उधर नगरपालिका अधिकारी पानी की सप्लाई संबंधी समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाने की बात कह रहे है।

शहर में 90 हजार से अधिक आबादी के लिए 4 ओवरहेड टैंक के अलावा 23 वार्डों में नगरपालिका के 120 ट्यूबवेलों से पानी की सीधी नलों में सप्लाई की जाती है। वर्तमान में पूरे शहर में करीब 14हजार घरों में वैध नल कनेक्शन लगे हैं। जबकि अवैध नल कनेक्शन की संख्या 4 हजार से ज्यादा है। शहर में बिछी 65 साल पुरानी भूमिगत और नल ओपन पाइप लाइन जर्जर हालत में है। अधिकांश इलाके ऐसे हैं जहां नल और नाली एक साथ गुजर रही है।

परेशानी- इन मोहल्लों में नल लाइन लीकेज होने की शिकायत
शहर की चंबल कॉलोनी, कुम्हार माेहल्ला, पंडित पाड़ा, खारा कुआ, छारबाग, पारिखजी का बाग, मुक्तिनादनगर, गांधीनगर, मेहतर मोहल्ला व किला क्षेत्र में मुख्य सप्लाई लाइन में लीकेज की समस्या ज्यादा है। कमालखेड़ी, गांधीनगर, मुक्तिनादनगर, पाली रोड, इस्लामपुरा, जनतानगर, बालापुरा, बगवाज, नयाबांस मोहल्ला, भूरी पाड़ा और खारा कुंआ मोहल्ला में अवैध नल कनेक्शनों की भरमार हाेने से नलाें में कम प्रेशर की समस्या बनी हुई है।

लोग बोले- नल लाइन के टूटे चैंबर दूषित करते है पानी
शहर के नए विकसित इलाके में बिना परमिशन नल लगाने वाले लोग मनमाने तरीके से पाइप लाइन खोद डालते हैं। कई जगह नल लाइन के चैंबर टूटे पड़े है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां नल लाइन के बॉल्व लगे हैं इनमें नाली का गंदा पानी भर जाता है। यही गंदा पानी पाइप में प्रवेश करके नलों के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। गांधीनगर, चंबल कॉलोनी, छारबाग, बोहरा बाजार क्षेत्र में कई जगह नलों में गंदा और मटमैला पानी आने से लोग परेशान हैं।

नल लाइन में लीकेज दुरुस्त और पाइप बढ़ा रहे है
शहर में पीने के पानी की उपलब्धता के लिए जल प्रदाय शाखा एक्शन मोड़ में है। जिन मोहल्लों में नल पाइप लाइन लीकेज हाेने की शिकायतें मिल रही है वहां अमला भेजकर लीकेज दुरुस्त करने और जरूरत के अनुसार पाइप बढ़ाने का काम चल रहा है। नलों में प्रेशर कम और गंदा पानी आने की शिकायत का भी समाधान कर रहे है। -पवन गर्ग, जल शाखा प्रभारी, नपा श्योपुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ