सभी वर्गों को किया जा रहा है ऊर्जा के प्रति जागरूक
प्रदेश में ऊर्जा के प्रति आमजन को साक्षर करने राज्य शासन द्वारा आज से ऊर्जा साक्षरता अभियान आरंभ किया गया है। अभियान में समाज के सभी वर्गों और जन साधारण को ऊर्जा एवं उसकी खपत के संबंध में जागरूक कर महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही है। आगामी 31 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े में सभी वर्गों को ऊर्जा साक्षरता अभियान से जोड़ने की विशेष पहल की गई है।
सेवा पखवाड़े के पहले दिन सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रम किये गये, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, जन-प्रतिनिधियों, प्रशासकीय अधिकारियों की उपस्थिति में ऊर्जा साक्षरता के कार्यक्रम आयोजित किये गये। भोपाल के सुभाष एक्सिलेंस स्कूल के ओडिटोरियम में ऊर्जा विकास निगम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को ऊर्जा बचत की शपथ दिलायी गई। निगम के प्रबंध संचालक, श्री कर्मवीर शर्मा ने योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ऊर्जा साक्षरता अभियान से प्रदेश के लगभग 65 लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। हमारा लक्ष्य है प्रदेश के हर घर में ऊर्जा साक्षरता का संदेश पहुँचे और नागरिकों को ऊर्जा बचत एवं ऊर्जा साक्षरता के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि ऊर्जा साक्षरता अभियान से जुड़ने के लिये वेबसाइट www.usha.mp.gov.in पर लॉगइन कर और मोबाइल एप (UShA) के माध्यम से भी जुड़ा जा सकता है। अभियान अंतर्गत जागरूकता के लिये मोबाइल वेन से भी विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया जायेगा

0 टिप्पणियाँ