राज्य उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री शांतनु एस केमकर के मार्गदर्शन में राज्य उपभोक्ता आयोग एवं प्रदेश के जिला उपभोक्ता आयोग कार्यालयों में 12 नवम्बर को महा उपभोक्ता लोक अदालत का आयोजन हुआ। इनमें 1327 प्रकरणों का आपसी समझौते पर निराकरण करवाया गया। साथ ही 12 करोड़ 48 लाख 20 हजार 320 रूपये की राशि वितरित की गई।
रजिस्ट्रार राज्य उपभोक्ता आयोग श्रीमती अलका श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल मुख्यालय पर महा उपभोक्ता लोक अदालत का शुभारंभ न्यायमूर्ति श्री शांतनु एस केमकर ने और जिला मुख्यालयों पर संबंधित जिला आयोग के अध्यक्षगण द्वारा शुभारंभ किया गया। श्रीमती श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य उपभोक्ता आयोग एवं प्रदेश के जिला उपभोकता फोरम में विचाराधीन बैंकिंग, बीमा, विद्युत, चिकित्सा, टेलीफोन, कृषि, आटोमोबाईल्स हाउसिंग एयरलाईन्स, रेल्वे आदि के प्रकरणों का लोक अदालत के माध्यम से निराकरण की कार्यवाही की गयी। इसमें राज्य आयोग में 92 प्रकरणों का निराकरण समझौते के माध्यम से किया गया और एक करोड़ 64 लाख 45 हजार 969 रूपये की राशि वितरित की गयी। इसी प्रकार प्रदेश के सभी जिला आयोग में 1235 प्रकरणों का निराकरण समझौते के माध्यम से किया जाकर 10 करोड़ 83 लाख 74 हजार 351 रूपये की राशि वितरित की गयी।

0 टिप्पणियाँ