प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम ने दिए निर्वाचन सम्बन्धी दिशा निर्देश
शिवपुरी लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर विधानसभा क्षेत्र 26 पिछोर में सभी मतदानकर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न हुआ। एसडीएम जेपी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पीठासीन अधिकारी सहित मतदान अधिकारी 1,2,3, का प्रशिक्षण उत्कृष्ट विद्यालय पिछोर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 3 से 6 अप्रैल तक होने वाले इस चार दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 2074 कर्मचारियों ने भाग लिया जिसमें 23 कर्मचारी ट्रैनिंग के दौरान उपस्थित नहीं रहे। इन सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में सात कक्ष बनाए गए थे जिसमे 23 मास्टर ट्रेनरो द्वारा गम्भीरता के साथ कर्मचारियो को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रशिक्षार्थियों को आयोग द्वारा जारी चुनाव से सम्बन्धित दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से कहा कि आप लोगों को पूर्व से ही चुनाव कराने का अनुभव अच्छी तरह से है। आप लोगों ने कई चुनाव कराए है। जो लोग नए है जिनकी ड्यूटी पहली बार लगी हुई है वह एक एक बात को समझें एवं प्रैक्टिकल करें। यदि किसी भी कर्मचारी को कोई भी समस्या आती है तो वह वरिष्ठ अधिकारियों से पूछें। सभी चुनाव को गम्भीरता पूर्वक लेकर आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन कराए।
समाचार क्रमांक 161/2024 ---00---
0 टिप्पणियाँ